Jamtara: सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के निर्देश पर शनिवार को नाला विधानसभा क्षेत्र के फतेहपुर स्थित मॉडल डिग्री कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का नेतृत्व एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. स्वपन किस्कू ने किया. शिविर में एनएसएस स्वयंसेवकों सहित कॉलेज के शिक्षक एवं अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस दौरान कुल 11 यूनिट रक्त संग्रह किया गया. रक्तदान शिविर में एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. स्वपन किस्कू, डॉ. अमृत महतो, अमन प्रधान समेत एनएसएस वॉलेंटियर्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. शिविर के माध्यम से युवाओं को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया और जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए रक्त उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया.

यह भी पढ़ें: बोकारो साइबर ठगी मामले में बिहार से आरोपी गिरफ्तार, खाते में ट्रांसफर कराए थे 3.09 लाख रुपये
रक्तदान महान सामाजिक कार्य: प्राचार्य डॉ. अमर दास
वही प्राचार्य डॉ. अमर दास ने कहा कि मॉडल डिग्री कॉलेज परिसर में यह पहला रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है. उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक कार्य है. हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने में मददगार हो सकता है. उन्होंने समाज के लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए आगे आने की अपील की. प्राचार्य ने कहा कि कॉलेज की ओर से भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. वही कॉलेज एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. स्वपन किस्कू ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है. युवाओं को समाजहित के ऐसे कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए. शिविर में स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी से यह संदेश गया कि युवा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक हैं.

