Koderma : वन विभाग ने अवैध ढिबरा उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लोमचांची जंगल से रविवार सुबह दो शक्तिमान ट्रक और चान्देडीह से दो टन ढिबरा लदा एक ऑटो जब्त किया है. यह कार्रवाई कोडरमा थाना क्षेत्र में की गई. विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि लोमचांची जंगल में अवैध रूप से ढिबरा उत्खनन कर ट्रकों से ढुलाई की जा रही है. सूचना पर टीम ने छापेमारी की तो चालक और मजदूर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए. मौके पर ढिबरा लोड करने के लिए खड़े दो शक्तिमान ट्रक बरामद किए गए. इसी क्रम में चान्देडीह में जांच के दौरान दो टन ढिबरा लदा एक ऑटो पकड़ा गया.

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की
अधिकारियों ने बताया कि जब्त वाहनों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर फरार लोगों की पहचान की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल में ब्लास्टिंग कर ढिबरा निकाला जाता है, जिससे जंगल और पर्यावरण को गंभीर खतरा है. आरोप है कि प्रशासन कभी-कभी दिखावे के लिए कार्रवाई करता है, उसके बाद फिर से अवैध खनन शुरू हो जाता है. ग्रामीणों ने बताया कि सुबह के समय डोमचांच क्षेत्र से तिलैया की ओर बिना नंबर प्लेट के दर्जनों टेम्पू और ऑटो में ढिबरा लोड कर ले जाते हुए देखा जा सकता है. इससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है और वन संपदा बर्बाद हो रही है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अवैध खनन पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है.
Also Read : पाकुड़ : पीएमश्री मध्य विद्यालय में प्रबंधन समिति का पुनर्गठन, अजय यादव बने अध्यक्ष

