Bihar: बिहार में मौसम का मिजाज इन दिनों बदला हुआ है. राज्य के कुछ जिलों में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं, जबकि कई इलाकों में हो रही बारिश से राहत मिली है. इसी बीच मौसम विभाग ने आज राज्य के 25 जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.

25 जिलों में जारी किया गया अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है. वहीं, राज्य के बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है.
अगले 72 घंटे तक बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के लिए बारिश और खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है. 24 अगस्त को पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा और समस्तीपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
Read Also: पाकुड़ : पीएमश्री मध्य विद्यालय में प्रबंधन समिति का पुनर्गठन, अजय यादव बने अध्यक्ष
25 और 26 अगस्त को भी बारिश के आसार
25 अगस्त को उत्तर बिहार, उत्तर-पूर्वी बिहार और सीमांचल के ज्यादातर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. 26 अगस्त को भी राज्य के कई हिस्सों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
पटना में उमस से लोग परेशान
राजधानी पटना में फिलहाल उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. आसमान में कई बार बादल छा रहे हैं, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस ज्यादा महसूस हो रही है. शनिवार को दिनभर तेज धूप रही, जबकि देर रात हल्की बूंदाबांदी हुई. आज भी पटना में मौसम सामान्य रहने के साथ उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है.
कैमूर में सबसे अधिक तापमान दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार में सबसे अधिक तापमान कैमूर में 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा.
कई जिलों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. समस्तीपुर, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, बांका, पूर्णिया, भागलपुर, वैशाली और शेखपुरा समेत कई जिलों में बारिश हुई. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी बिहार के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है.

