Lohardaga: लोहरदगा में रोजगार के मुद्दे को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने हिंडाल्को प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्थानीय मजदूरों को रोजगार का अवसर नहीं दिया गया, तो रोपवे के संचालन को बंद कराने की दिशा में कदम उठाया जाएगा. अध्यक्ष ने कहा कि जिले के संसाधनों से वर्षों से काम करने वाले स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए.

लंबे समय से रोपवे और उससे जुड़े कार्यों पर निर्भर हैं मजदूर
रोजगार की मांग को लेकर बड़ी संख्या में मजदूर नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव के समक्ष पहुंचे और अपनी समस्याओं से अवगत कराया. मजदूरों ने बताया कि वे लंबे समय से रोपवे और उससे जुड़े कार्यों पर निर्भर हैं. रोजगार के अवसर कम होने से उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है. मजदूरों ने स्थानीय लोगों को नियमित और सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने की मांग रखी.
रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग
मजदूरों की बात सुनने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने हिंडाल्को प्रबंधन से मजदूरों की समस्याओं का समाधान करते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की. अध्यक्ष ने कहा कि यदि कंपनी स्थानीय मजदूरों को रोजगार देने के प्रति गंभीर नहीं होती है, तो रोपवे के संचालन को लेकर आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे.
उन्होंने कहा कि लोहरदगा के विकास में उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन विकास का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचना भी जरूरी है. वर्षों से क्षेत्र के मजदूर अपने श्रम के माध्यम से उद्योगों को सहयोग देते आए हैं. ऐसे में उन्हें रोजगार से वंचित रखना उचित नहीं है. उन्होंने मजदूरों को भरोसा दिलाया कि उनके अधिकार और रोजगार के मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा. इस दौरान मजदूरों ने भी अपनी समस्याओं को विस्तार से रखा और कहा कि रोजगार उनके परिवारों की आजीविका से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. उन्होंने प्रबंधन से स्थानीय मजदूरों को काम में प्राथमिकता देने तथा रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.
मौके पर ये रहे उपस्थित
मौके पर रोपा उरांव, छोटू उरांव, नानका उरांव, सोमरा उरांव, मंगल उरांव, सुशांति उरांव, फूलकुमारी उरांव, पूजा कुमारी, गीता देवी, बासमती उरांव सहित सैकड़ों मजदूर मौजूद थे. रोजगार के मुद्दे पर मजदूरों की एकजुटता और नगर परिषद अध्यक्ष के सख्त रुख के बाद अब हिंडाल्को प्रबंधन की प्रतिक्रिया पर सभी की नजर बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: पाकुड़ : पीएमश्री मध्य विद्यालय में प्रबंधन समिति का पुनर्गठन, अजय यादव बने अध्यक्ष

