बुंडू में नए जनप्रतिनिधियों का सम्मान, विकास और स्वच्छता का लिया संकल्प

बुंडू: नगर पंचायत बुंडू में नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान में एक भव्य और गरिमामयी स्वागत समारोह का आयोजन किया गया. यह...

बुंडू: नगर पंचायत बुंडू में नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान में एक भव्य और गरिमामयी स्वागत समारोह का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में आयोजित हुआ, जहां नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी पार्षदों का उत्साहपूर्ण माहौल में स्वागत किया गया.

समारोह की शुरुआत स्वागत भाषण के साथ हुई. इसके बाद नगर प्रशासक शुभम पोद्दार ने नगर अध्यक्ष जितेंद्र उरांव और उपाध्यक्ष रविंद्र उरांव उर्फ लालू उरांव को पौधा और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया. इस दौरान सभी पार्षदों को भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया.

अपने संबोधन में नगर प्रशासक ने कहा कि नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर बुंडू नगर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा. उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही.

वहीं नगर अध्यक्ष जितेंद्र उरांव और उपाध्यक्ष रविंद्र उरांव ने जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ नगरवासियों की सेवा करेंगे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि बुंडू नगर को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा.

इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में बुंडू नगर को स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित बनाने का संकल्प लिया. साथ ही यह भी कहा गया कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी.

कार्यक्रम के दौरान आपसी समन्वय, सहयोग और विकास को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई. पूरे समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि बुंडू नगर पंचायत के विकास को लेकर सभी जनप्रतिनिधि पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *