Koderma: भगवान भोलेनाथ की भक्ति में कोडरमा एक बार फिर आस्था के रंग में रंगने को तैयार है. श्री राम संकीर्तन मंडल की 27वीं कांवर पदयात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. रविवार को अड्डी बंगला रोड स्थित दुर्गा मंडप से जागरूकता रैली निकाली गई. सोमवार को इंदरवा स्कूल परिसर से विशाल कांवर पदयात्रा निकलेगी.आयोजकों के अनुसार झरना कुंड से ध्वजाधारी धाम तक निकलने वाली इस पदयात्रा में करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. जागरूकता रैली में श्री राम मंडल के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.


मराठी संस्कृति के पारंपरिक परिधान में सजी दो युवतियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जबकि 20 से 25 युवतियां स्कूटी से रैली में शामिल हुईं. रैली दुर्गा मंडप से स्टेशन रोड, झंडा चौक, महाराणा प्रताप चौक, सुभाष चौक, तिलैया थाना और ओवरब्रिज होते हुए वापस दुर्गा मंडप पहुंची.
12 फीट ऊंची हनुमान झांकी विशेष आकर्षण का केन्द्र

पदयात्रा में कानपुर का अघोरी ग्रुप, रामगढ़ की झांकी और 12 फीट ऊंची हनुमान झांकी विशेष आकर्षण होगी. साथ ही गरोला और कुंदन एंड ग्रुप की प्रस्तुतियां भी होंगी. श्रद्धालु झरना कुंड से जल उठाकर ध्वजाधारी धाम पहुंचेंगे और 779 सीढ़ियां चढ़कर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे. बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था साहू धर्मशाला में की गई है. सुरक्षा को लेकर बैरिकेडिंग, वॉच टावर और ड्रोन कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है. दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है. भीड़ को देखते हुए सोमवार को जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. ध्वजाधारी धाम में पुलिस प्रशासन अभी से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम में जुट गया है.
ALSO READ : L&T के गोदाम का ताला तोड़कर वाटर सप्लाई परियोजना का सामान उड़ाया, जुडको का हो रहा है काम प्राथमिकी दर्ज

