Ranchi: राजधानी के तुपुदाना थाना क्षेत्र के गणेश मोहल्ला, हटिया में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. अज्ञात चोरों ने एक बंद घर की चारदीवारी फांदकर अंदर प्रवेश किया और कमरों के ताले तोड़कर अलमारी व लॉकर में रखे नकदी, मोबाइल, घड़ियां और करीब 2.5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए. मामले को लेकर पीड़ित सागर कुमार सोनी ने तुपुदाना थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

पूजा में गया था परिवार, पीछे से घर में घुसे चोर
घटना 20 अगस्त की दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है. पीड़ित के अनुसार, उनकी मां पास के पड़ोसी के घर आयोजित पूजा कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं. इसी दौरान घर को सूना पाकर चोर चारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुए. इसके बाद कमरों के ताले तोड़कर अलमारी और लॉकर को खंगाला और कीमती सामान लेकर फरार हो गए.
नकदी, आईफोन और जेवरात पर किया हाथ साफ
चोरों ने घर से 10 हजार रुपये नकद, आईफोन समेत दो मोबाइल फोन, रियलमी और टाइटन की घड़ियां तथा करीब 2.5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए. परिजन जब वापस लौटे तो घर के कमरों में सामान बिखरा मिला. इसके बाद चोरी की जानकारी हुई.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित ने तुपुदाना थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित सुराग जुटा रही है.
ALSO READ: पलामू पुलिस का ‘ऑपरेशन सफाया’ जारी, हथियारों के साथ तीन कुख्यात अपराधियों को दबोचा

