Hazaribagh: सावन की अंतिम सोमवारी पर सोमवार को बड़कागांव के प्रसिद्ध महुदी पहाड़ स्थित बुढ़वा महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र बोल बम, हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयकारों से गूंजता रहा. बड़कागांव के अलावा आसपास के प्रखंडों और दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे.

मंदिर परिसर में दिनभर लगी रही श्रद्धालुओं की भीड़
महुदी पहाड़ स्थित बुढ़वा महादेव मंदिर के साथ हनुमान मंदिर, श्रीराम मंदिर, द्वारपाल गुफा, छगरी गोदरी गुफा, डुमारो गुफा, डुमारो जलप्रपात और शिवमठ परिसर में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही. अंतिम सोमवारी को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला.
सांसद मनीष जायसवाल ने की पूजा-अर्चना
हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल सुबह बुढ़वा महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. मंदिर परिसर में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए सांसद मोटरसाइकिल से विभिन्न स्थानों पर पहुंचे और श्रद्धालुओं से मुलाकात की. उन्होंने जुलूस में शामिल भगवान शिव की झांकी को श्रद्धालुओं के साथ मिलकर आगे बढ़ाने में भी सहयोग किया. इस दौरान सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल मिश्रा, जिला महामंत्री जय नारायण प्रसाद, बड़कागांव विधानसभा सांसद मीडिया प्रतिनिधि उमेश दांगी, मंडल अध्यक्ष शिबू मेहता, समाजसेवी पिंटू कुशवाहा, सत्यजीत विद्या अलंकार, उदय कुशवाहा, राजकिशोर समेत दर्जनों कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे.

रजरप्पा से जल लेकर पहुंचे कांवरिया
रजरप्पा की भैरवी नदी से जल उठाकर करीब 20 गांवों के कांवरिया संगठन के शिवभक्त पैदल यात्रा करते हुए बुढ़वा महादेव मंदिर पहुंचे. विभिन्न कांवरिया संगठनों की ओर से डीजे साउंड के साथ आकर्षक झांकियां निकाली गईं. जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.
गांव-गांव से निकली भव्य झांकियां
बड़कागांव के लगभग प्रत्येक गांव से भव्य जुलूस और झांकी निकाली गई. जुलूस के मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की. झांकियों को लेकर शिवभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला.
बेहतर झांकी को किया गया पुरस्कृत
बुढ़वा महादेव विकास सह शांति समिति के तत्वावधान में कुशवाहा समाज गुरुचट्टी की ओर से झांकियों का मूल्यांकन किया गया. बेहतर प्रदर्शन करने वाली झांकियों के आयोजकों को पुरस्कृत करने की तैयारी की गई. कांवरियों और शिवभक्तों के सम्मान के लिए कांड़तरी में भी विशेष व्यवस्था की गई.
जगह-जगह लगाए गए सेवा शिविर
श्रद्धालुओं की सेवा के लिए सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों की ओर से जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए. शिविरों में चना, शरबत, चाय, बिस्कुट और प्रसाद का वितरण किया गया. कई स्थानों पर भंडारे का भी आयोजन हुआ.
सांसद के सौजन्य से श्रद्धालुओं के बीच बांटी गई खीर
बुढ़वा महादेव मंदिर के समीप हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के सौजन्य से श्रद्धालुओं के बीच खीर का वितरण किया गया. सांसद ने स्वयं विभिन्न जुलूस, झांकियों और प्रसाद वितरण शिविरों में पहुंचकर श्रद्धालुओं से मुलाकात की और आयोजन की जानकारी ली.
स्वास्थ्य शिविर में श्रद्धालुओं को मिली चिकित्सा सुविधा
सावन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया. चिकित्सा प्रभारी डॉ. अविनाश कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्यकर्मियों की टीम श्रद्धालुओं की सेवा के लिए तैनात रही.
सुरक्षा को लेकर पुलिस ने किए व्यापक इंतजाम
भीड़ को देखते हुए बड़कागांव पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए. एसडीपीओ अमित आनंद, इंस्पेक्टर शाहिद रजा और थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे. मंदिर परिसर, जुलूस मार्ग और प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी गई.
सावन की शुरुआत से ही लगा है मेला
बुढ़वा महादेव मंदिर में सावन की शुरुआत के साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई थी. पहली सोमवारी से ही यहां मेला लगा हुआ है. रानी तालाब और द्वारपाल गुफा के आसपास विभिन्न प्रकार की दुकानें और सेवा स्टॉल लगाए गए हैं. बच्चों और परिवार के साथ आने वाले लोगों के लिए झूले भी लगाए गए हैं.
धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र है महुदी पहाड़
बड़कागांव प्रखंड मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर महुदी पहाड़ पर स्थित बुढ़वा महादेव मंदिर प्राकृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल माना जाता है. पहाड़, गुफाओं, जलप्रपात और धार्मिक स्थलों के कारण सावन के दौरान यहां पूरे महीने श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रहती है.
कई जिलों से पहुंचे शिवभक्त
अंतिम सोमवारी पर बड़कागांव के अलावा केरेडारी, टंडवा, सिमरिया, चतरा, डकरा, खलारी, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, इचाक, पदमा, चरही, बरही, तिलैया और कोडरमा समेत विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु बुढ़वा महादेव मंदिर पहुंचे.
थाना प्रभारी ने श्रद्धालुओं से की सहयोग की अपील
बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर में शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से पूजा-अर्चना करने की अपील की. उन्होंने कहा कि श्रद्धालु सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर जाम की स्थिति उत्पन्न न करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें. जुलूस आयोजकों से भी निर्धारित मार्ग और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई.

