Hazaribagh: गिद्दी में शनिवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार राहुल दुबे गिरोह के दो कथित गुर्गों से पूछताछ में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं. पुलिस को आशंका है कि गिरोह गिद्दी के क्रशर मशीन के पास हुए गोलीकांड, पलामू के सतबरवा में मजदूरों पर हुई फायरिंग और किसी कोयला कारोबारी को निशाना बनाने की साजिश से जुड़ा हो सकता है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से मिले तीन पर्चों ने जांच को और महत्वपूर्ण बना दिया है. इन पर्चों में दर्ज सूचनाओं के आधार पर पुलिस गिरोह के नेटवर्क, उसकी गतिविधियों और हाल की आपराधिक घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

गिद्दी गोलीकांड का खुलासा होने की संभावना
पुलिस की जांच का एक अहम केंद्र पिछले महीने गिद्दी परियोजना की क्रशर मशीन के पास हुआ गोलीकांड है. इस घटना में हाइवा के खलासी नयन कुमार उर्फ करण के दोनों पैरों में गोली मारी गई थी. पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने इस घटना को लेकर कई अहम जानकारियां दी हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीकांड के पीछे किसका आदेश था और इसका मकसद क्या था.
सतबरवा फोरलेन गोलीकांड से भी जुड़ रही कड़ी
पुलिस गिद्दी गोलीकांड के साथ पलामू के सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा गांव में फोरलेन निर्माण कार्य में लगे पश्चिम बंगाल के दो मजदूरों पर हुई गोलीबारी की घटना की भी कड़ी खंगाल रही है. दोनों घटनाओं में शामिल अपराधियों और गिरोह के नेटवर्क को लेकर पुलिस को कुछ सुराग मिलने की बात सामने आई है. इस संबंध में पलामू पुलिस भी हजारीबाग पुलिस के संपर्क में है.
कोयला कारोबारी को निशाना बनाने की थी तैयारी
पूछताछ में पुलिस को संकेत मिले हैं कि गिरोह किसी कोयला कारोबारी को निशाना बनाने की तैयारी में था. हालांकि, पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि संभावित निशाना कौन था. जांच प्रभावित न हो, इसलिए इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात के बाद घटनास्थल पर पर्चा छोड़कर गिरोह के नाम का भय पैदा करने की योजना थी या नहीं.
तीन पर्चों से खुलेंगे गिरोह की साजिश के तार
गिरफ्तार अपराधियों के पास से बरामद तीन पर्चे पुलिस की जांच में अहम कड़ी माने जा रहे हैं. पुलिस इन पर्चों में दर्ज सूचनाओं का सत्यापन कर रही है. आशंका है कि इनके जरिए गिरोह की आगामी गतिविधियों, संभावित निशानों या पूर्व में हुई घटनाओं से जुड़े सुराग मिल सकते हैं. पुलिस फिलहाल पर्चों की सामग्री का खुलासा नहीं कर रही है.
तीसरे अपराधी की तलाश जारी
मुठभेड़ के बाद पतरातू हनुमानगढ़ी निवासी बादल कुमार और बासल थाना क्षेत्र के रसदा गांव निवासी मोहित कुमार उर्फ पीटर पुलिस की गिरफ्त में हैं. मुठभेड़ के दौरान तीसरा अपराधी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस को उम्मीद है कि तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गिरोह के नेटवर्क और हाल की आपराधिक घटनाओं से जुड़े और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आएंगे.
Also Read: गिरिडीह: हर-हर महादेव से गूंजा उसरी तट, दुःखहरणनाथ धाम में उमड़ा आस्था का महासैलाब

