Ranchi: JPSC-JSSC नियुक्ति में कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट की ओर से झारखंड सरकार समेत संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए जाने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इसे छात्रों के संघर्ष की बड़ी उपलब्धि बताया है. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के इस कदम से राज्य के लाखों छात्रों और युवाओं में न्याय की उम्मीद जगी है.

सुप्रीम कोर्ट का कदम CBI जांच की दिशा में पहला चरण
आदित्य साहू ने कहा कि JPSC-JSSC के माध्यम से नियुक्तियों में कथित गड़बड़ी और युवाओं के भविष्य से जुड़े मामले की CBI जांच की मांग अब देश की सर्वोच्च अदालत तक पहुंच चुकी है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और उसकी जांच एजेंसियां न्याय का अंतिम दरवाजा नहीं हैं. छात्रों की लड़ाई अब सुप्रीम कोर्ट में पहुंच गई है और अदालत का नोटिस जारी करना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि सुनवाई के दौरान सक्षम एजेंसी से जांच की आवश्यकता को लेकर कोर्ट की टिप्पणी भी महत्वपूर्ण है. इससे छात्रों को उम्मीद बंधी है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का रास्ता खुल सकता है.
हेमंत सरकार CBI जांच से क्यों भाग रही : साहू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब हेमंत सरकार को बहानेबाजी छोड़कर यह जवाब देना होगा कि आखिर वह CBI जांच से क्यों बच रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बचाने की कोशिश कर रही है. साहू ने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में मामले की जांच आगे बढ़ने पर नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े कथित अनियमितताओं की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों पर कार्रवाई का रास्ता साफ होगा.
Read Also: नेमरा में देवेंद्र नाथ महतो की यात्रा का विरोध, गांव के बाहर जुटे ग्रामीण
छात्रों के आंदोलन को लेकर सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन सरकार पर छात्रों के आंदोलन को दबाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ कथित तौर पर पुलिस कार्रवाई, मुकदमों और लोकतांत्रिक अधिकारों पर प्रतिबंध जैसे कदम उठाए गए. उन्होंने सरकार की कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया. उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों ने छात्र हित के नाम पर केवल राजनीति की है. साहू ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से कराई जा रही CID जांच पर्याप्त नहीं है और यह बड़े आरोपियों को बचाने की कोशिश के समान है.
भाजपा सरकार बनने पर CBI जांच की अनुशंसा का दावा
आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रहेगा. उन्होंने दावा किया कि 2029 में भाजपा की सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में JPSC-JSSC समेत सभी संबंधित मामलों की CBI जांच की अनुशंसा की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों पर दर्ज कथित झूठे मुकदमों को वापस लेने का फैसला किया जाएगा. साहू ने कहा कि युवाओं को न्याय दिलाने और नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की लड़ाई भाजपा जारी रखेगी.

