चाईबासा में मतदाता सूची पुनरीक्षण की जमीनी जांच, DC ने नोटिस और सुनवाई प्रक्रिया का लिया जायजा

चाईबासा: मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले में चल रहे नोटिस चरण और सुनवाई अभियान की प्रगति...

चाईबासा:  मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले में चल रहे नोटिस चरण और सुनवाई अभियान की प्रगति का जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने क्षेत्र भ्रमण कर जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-42 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र, कुंदूबेरा पहुंचकर सुनवाई प्रक्रिया का निरीक्षण किया.

दस्तावेजों की जांच और विसंगतियों के निराकरण की ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नोटिस प्राप्त मतदाताओं से जुड़े मामलों में हो रही सुनवाई की प्रक्रिया को देखा. उन्होंने मतदाताओं द्वारा पहचान, निवास, जन्म तिथि और मतदाता सूची में दर्ज विवरण से संबंधित प्रस्तुत किए जा रहे दस्तावेजों का अवलोकन किया. साथ ही, दस्तावेजों के आधार पर प्रविष्टियों के सत्यापन और आवश्यक सुधार की कार्रवाई की जानकारी ली. उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि नोटिस प्राप्त प्रत्येक मतदाता को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दिया जाए. प्रस्तुत दस्तावेजों की नियमानुसार जांच कर मतदाता सूची में पाई गई विसंगतियों का पारदर्शी तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए.

हर निर्णय का रिकॉर्ड रखने का निर्देश

उपायुक्त ने सुनवाई के दौरान प्राप्त दस्तावेजों और लिए गए निर्णयों का उचित अभिलेखीकरण करने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि किसी पात्र मतदाता के अधिकार प्रभावित न हों.

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का प्रयास

नोटिस चरण के तहत उन मतदाताओं के मामलों की जांच और सुनवाई की जा रही है, जिनकी मतदाता सूची में दर्ज जानकारी में विसंगतियां मिली हैं या सत्यापन के दौरान अतिरिक्त दस्तावेज अथवा स्पष्टीकरण की जरूरत पाई गई है. इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है. इसके तहत पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने के साथ अपात्र, दोहराव वाली या अन्य विसंगतिपूर्ण प्रविष्टियों का नियमानुसार समाधान किया जा रहा है.

मतदाताओं से भी किया संवाद

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मौके पर मौजूद मतदाताओं से बातचीत कर सुनवाई प्रक्रिया की जानकारी ली. उन्होंने मतदाताओं से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने की अपील की. उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है. प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और सभी प्रविष्टियां सही एवं अद्यतन रहें, इसके लिए अधिकारियों और कर्मियों को निष्पक्षता एवं गंभीरता से काम करना चाहिए. मौके पर सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, संबंधित बूथ लेवल अधिकारी, सुपरवाइजर सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे.
ALSO READ: रांची में अवैध पानी कारोबार और अतिक्रमण पर निगम की बड़ी कार्रवाई, 3 RO प्लांट पर 1.50 लाख का जुर्माना

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *