Ranchi: समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में DC मंजूनाथ भजन्त्री ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान का निर्देश दिया. इस दौरान जमीन, राशन कार्ड, पेंशन, इलाज और दिव्यांगों से जुड़े कई मामले सामने आए.

दिव्यांग को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल
जनता दरबार में पैर से दिव्यांग कार्तिक खलखो ने आने-जाने में परेशानी बताते हुए इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल की मांग की. उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार के लिए भी काफी परेशानी है.मामले को गंभीरता से लेते हुए DC ने उन्हें मौके पर ही इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल की चाबी सौंपी. कार्तिक के लिए यह बड़ी राहत रही. साथ ही दिव्यांग पेंशन के लिए भी उनका आवेदन लिया गया.DC ने कहा कि दिव्यांग लोगों को सम्मान के साथ आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिला प्रशासन हर संभव मदद करेगा.
दिव्यांग का राशन कार्ड नहीं होगा रद्द
रातू प्रखंड के बानीपीड़ी निवासी एक दिव्यांग ने राशन कार्ड रद्द होने की आशंका को लेकर शिकायत की. मामले की जानकारी मिलते ही DC ने जिला आपूर्ति कार्यालय के कर्मी से जानकारी ली और राशन कार्ड रद्द नहीं करने का निर्देश दिया.उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र लोगों को राशन और दूसरी सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए.
इलाज में लापरवाही की शिकायत, जांच का आदेश
अनगड़ा की निर्मला इंदवार ने अपनी बहन की इलाज के दौरान मौत को लेकर चिकित्सकीय लापरवाही की शिकायत की. उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की.DC ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन को पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया. साथ ही शिकायतकर्ता को वरीय पुलिस अधीक्षक के पास भी शिकायत देने को कहा गया.
सेवानिवृत्त कर्मचारी की पेंशन का जल्द होगा निपटारा
नामकुम के सेवानिवृत्त आपूर्ति निरीक्षक बसंत कुमार साहू ने सातवें वेतन आयोग के अनुसार पेंशन दोबारा तय करने की मांग की. उन्होंने बताया कि जुलाई 2025 में आवेदन देने के बावजूद अब तक मामला लंबित है.DC ने संबंधित कर्मचारी से देरी का कारण पूछा और पेंशन पुनरीक्षण का काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.
ALSO READ: हजारीबाग में वारंटियों पर पुलिस का शिकंजा, 2019 के केस में अर्जुन साव गिरफ्तार
जमीन और बीएसएनएल टावर से जुड़े मामले भी पहुंचे
बुंडू के जिला परिषद सदस्य ने अपनी जमीन पर बीएसएनएल द्वारा टावर लगाए जाने की शिकायत की. DC ने संबंधित बीएसएनएल अधिकारी से पत्राचार कर मामले का समाधान करने का निर्देश दिया.जनता दरबार में पंजी-2 में सुधार, दोहरी जमाबंदी खत्म करने, दाखिल-खारिज में देरी, जमीन पर कब्जा और भू-माफिया से जुड़े मामले भी आए. DC ने सभी मामलों की जांच कर समय पर कार्रवाई करने को कहा.
अधिकारी लोगों को बेवजह कार्यालयों के चक्कर न लगवाएं
DC ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए. किसी भी आवेदन को बेवजह लंबित न रखा जाए और आवेदक को उसके मामले में हुई कार्रवाई की जानकारी दी जाए.

