रांची के ओरमांझी में दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत: एक को हाथी ने पटका, दूसरा 11 हजार वोल्ट की चपेट में आया

Ranchi : जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई. पहली घटना...

Two people died in separate incidents in Ranchi's Ormanjhi: one was trampled by an elephant, while the other was electrocuted by an 11,000-volt line.
AI PHOTO

Ranchi : जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई. पहली घटना में झुंड से बिछड़े जंगली हाथी का वीडियो बनाने के दौरान युवक पर जानलेवा हमला हुआ, वहीं दूसरी घटना में निर्माणाधीन इमारत में काम कर रहा मजदूर 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया. दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है.

वीडियो बनाने के चक्कर में हाथी ने युवक को सूंड से पटका, इलाज के दौरान मौत

ओरमांझी के इरबा निवासी इफ्तिखार अंसारी सोमवार रात डहू गांव के पास झुंड से बिछड़े दो जंगली हाथियों की मौजूदगी की सूचना पाकर उनका वीडियो बनाने पहुंचा था. वीडियो बनाने के दौरान अचानक एक हाथी ने उस पर हमला कर दिया और उसे सूंड से पटक दिया. इस हमले में हाथी का दांत इफ्तिखार के पेट में घुस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजनों द्वारा आनन-फानन में उसे मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. ये दोनों हाथी अनगड़ा, रुक्का और करमा होते हुए क्षेत्र में दाखिल हुए थे. घटना के बाद वन विभाग की टीम ने देर रात अभियान चलाकर दोनों हाथियों को धगजीवन जंगल की ओर खदेड़ा और अब उन्हें मुख्य झुंड से मिलाने का प्रयास किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: गिरिडीह में केंद्र पर बरसे जलेश्वर महतो, खनिज बिल के खिलाफ 27 अगस्त से कांग्रेस के आंदोलन का एलान

निर्माणाधीन इमारत में हाई-टेंशन तार से छुआ सरिया, मजदूर की मौके पर ही मौत

दूसरी घटना मेदांता अस्पताल के पास स्थित ‘एके लॉज’ में मंगलवार सुबह लगभग 11:30 बजे घटी. कुटे गांव निवासी 35 वर्षीय मजदूर जब्बार अंसारी भवन की तीसरी मंजिल पर खड़े होकर चौथी मंजिल के लिए सरिया लगाने का काम कर रहा था. इसी दौरान उसके हाथ में मौजूद लोहे की छड़ ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन लाइन से छू गई. करंट का झटका लगते ही जब्बार का शरीर बुरी तरह झुलस गया. आनन-फानन में बिजली कटवाकर उसे मेदांता अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस जांच और कानूनी कार्रवाई जारी

पुलिस ने दोनों मामलों में संज्ञान लेते हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है. बिजली विभाग के अभियंताओं और पुलिस की टीम ने लॉज निर्माण स्थल का जायजा लिया है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *