Simdega: कोलेबिरा रक्षाबंधन के एक दिन पूर्व बुधवार को एकल अभियान की बहनों ने कोलेबिरा थाना परिसर पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की कलाइयों पर राखी बांधी.इस दौरान बहनों ने पुलिसकर्मियों की आरती उतारी,मिठाई खिलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.पर्व के मौके पर घर-परिवार से दूर रहकर जनता की सुरक्षा में जुटे जवानों को इस पहल से भाई-बहन के रिश्ते का अपनापन महसूस हुआ.कार्यक्रम के दौरान एकल अभियान की बहनों ने पुलिसकर्मियों से देश, समाज और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया.साथ ही भारत माता को परम वैभव के पद पर आसीन करने, महिलाओं के सशक्तीकरण तथा मातृशक्ति को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उनके सम्मान को बढ़ाने का आह्वान किया गया.


पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की
मौके पर कोलेबिरा थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि एकल अभियान की बहनों ने थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर इस तरह का आयोजन पुलिसकर्मियों को परिवार से दूर होने के बावजूद अपनेपन का एहसास कराता है. एकल अभियान के संच प्रमुख सुदर्शन सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर यह कार्यक्रम पिछले कई वर्षों से आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पुलिस के अधिकांश जवान जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की ड्यूटी में तैनात रहते हैं.
रक्षाबंधन के अवसर पर भी कई जवान नहीं जा पाते अपने घर
पर्व के अवसर पर भी कई जवान अपने घर नहीं जा पाते हैं. ऐसे पुलिसकर्मियों को एकल अभियान की बहनें राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते का स्नेह और अपनापन देती हैं. मौके पर समाजसेवी अभिषेक कुमार,देव शंकर प्रधान,डमरूधर सिंह, शत्रुघ्न सिंह,घुंसी सिंह, दिनेश्वर सिंह,पुष्पा देवी, सावित्री देवी,कमला देवी, गंगोत्री देवी,लक्ष्मी कुमारी, राधिका,लोकेश्वरी देवी, सरस्वती देवी,निरंती देवी, प्रमिला देवी,बिंदिया कुमारी सहित एकल संच के आचार्य एवं अन्य लोग उपस्थित थे.

