Simdega: मदर टेरेसा कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बानो में संत मदर टेरेसा की 116वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई. कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के निदेशक डॉ. प्रहलाद मिश्रा और प्राचार्या एरेन बेक ने संत मदर टेरेसा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया.

निदेशक ने मदर टेरेसा के सेवा कार्यों को किया याद
इस अवसर पर निदेशक डॉ. प्रहलाद मिश्रा ने मदर टेरेसा के जीवन और उनके सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि मदर टेरेसा प्रेम, त्याग, सेवा और करुणा की सच्ची प्रतिमूर्ति थीं. उन्होंने अपना जीवन पीड़ितों, बेसहारों, अनाथों, वृद्धों और बीमार लोगों की निस्वार्थ सेवा में समर्पित कर दिया. डॉ. प्रहलाद मिश्रा ने कहा कि मदर टेरेसा के मानवतावादी कार्यों के लिए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार एवं भारत रत्न जैसे सम्मान प्राप्त हुए. उन्होंने नर्सिंग छात्राओं से मदर टेरेसा के जीवन से प्रेरणा लेने और मरीजों की सेवा प्रेम, संवेदनशीलता एवं करुणा के साथ करने का आह्वान किया.
छात्राओं ने प्रस्तुत किया सांस्कृतिक कार्यक्रम
जयंती समारोह के दौरान नर्सिंग छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा.
कविता कुमारी ने किया धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम के अंत में सीनियर ट्यूटर कविता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया. उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, छात्राओं और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया.
शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं रहीं मौजूद
मौके पर कॉलेज की प्राचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं सभी नर्सिंग छात्राएं उपस्थित रहीं. सभी ने संत मदर टेरेसा के जीवन और उनके सेवा भाव को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया.
ALSO READ: हजारीबाग: मातृभाषा में न्याय की मांग को लेकर हिंदी पखवाड़ा न्याय यात्रा का शुभारंभ

