चाईबासा: सखी संवाद कार्यक्रम में आजीविका संवर्धन, सामाजिक जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण पर DC ने दिया जोर

नोआमुंडी प्रखंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 75 संकुल संगठनों, ग्राम संगठनों एवं सखी मंडल की सदस्यों ने ऑनलाइन माध्यम...

Chaibasa: DC emphasizes livelihood enhancement, social awareness, and women's empowerment at the 'Sakhi Samvad' program.
  • नोआमुंडी प्रखंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 75 संकुल संगठनों, ग्राम संगठनों एवं सखी मंडल की सदस्यों ने ऑनलाइन माध्यम से लिया भाग

Chaibasa: बुधवार को पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में नोआमुंडी प्रखंड सभागार में सखी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जिले के 75 संकुल संगठनों, सभी ग्राम संगठनों एवं सखी मंडल की सदस्यों ने ऑनलाइन माध्यम से भाग लिया. इस दौरान उपायुक्त ने सखी मंडल की दीदियों द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

आजीविका गतिविधियों की सराहना, सखी मंडल को आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित

उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले में आम स्टॉल के माध्यम से सखी मंडल की दीदियों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रयास न केवल उनकी आय में वृद्धि कर रहे हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि मंईयां सम्मान योजना की तीन माह की राशि सभी सखी मंडल सदस्यों को जारी कर दी गई है. उपायुक्त ने प्रत्येक माह आयोजित होने वाले सखी संवाद एवं सखी दिवस की सराहना करते हुए इसे निरंतर प्रभावी रूप से संचालित करने पर जोर दिया. उन्होंने बर्तन बैंक की व्यवसायिक उपलब्धियों की भी जानकारी ली तथा निर्देश दिया कि इसका अधिक से अधिक उपयोग गांव स्तर पर सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों में किया जाए.

दीदी कैफे और प्रशिक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर

उपायुक्त ने कहा कि दीदी कैफे के माध्यम से विभिन्न विभागों को भोजन एवं अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि सखी मंडल की दीदियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय का बेहतर अवसर मिल सके. उन्होंने आरसेटी प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए दीदियों को मशरूम उत्पादन, हाइब्रिड कृषि तथा अन्य स्वरोजगारपरक गतिविधियों से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने पावर टिलर, ट्रैक्टर एवं अन्य कृषि उपकरणों का बेहतर उपयोग करते हुए कृषि आधारित आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने की अपील की.

यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC विवाद पर सुदेश महतो का बड़ा हमला, बोले- CBI जांच से ही खुलेगा मुख्य सरगना का राज

नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील

उपायुक्त ने जिले एवं क्षेत्र में अफीम तथा अन्य मादक द्रव्यों की खेती एवं सेवन की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने सखी मंडल की सदस्यों से इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को मादक द्रव्यों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की. उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने तथा परिवार को स्वस्थ एवं बेहतर जीवन प्रदान करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया.

राज्य स्थापना दिवस पर जारी होगी उपलब्धियों पर आधारित बुकलेट

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आगामी राज्य स्थापना दिवस, 15 नवंबर 2026 के अवसर पर जेएसएलपीएस की ओर से एक बुकलेट तैयार की जाए. इसमें प्रोजेक्ट बदलाव के तहत कार्य कर रही दीदियों की सफलता की कहानियों के साथ-साथ अन्य परियोजनाओं एवं आजीविका गतिविधियों की उपलब्धियों को प्रमुखता से शामिल किया जाए, ताकि ग्रामीण महिलाओं के प्रयासों एवं उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर पहचान मिल सके.

रक्तदान एवं सामाजिक कार्यों में दीदियों की भागीदारी की सराहना

उपायुक्त ने रक्तदान शिविरों में सखी मंडल की सदस्यों एवं दीदियों की सक्रिय भागीदारी की भूरी-भूरी प्रशंसा की तथा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने फसल बीमा, टीबी मरीजों को गोद लेने तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों में सखी मंडल की सदस्यों द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की.

यह भी पढ़ें: बोकारो में रातों-रात ध्वस्त हुआ आदिवासी स्कूल, जमीन पर प्लॉटिंग शुरू; प्रशासन पर उठे सवाल

50 दीदियों को हॉस्पिटैलिटी एवं कैटरिंग का विशेष प्रशिक्षण

उपायुक्त ने 50 सखी मंडल सदस्यों की सूची तैयार करने पर जोर दिया, जिन्हें विशेष रूप से हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट, कैटरिंग एवं उच्च गुणवत्ता वाले भोजन तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा सके. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कौशल प्रशिक्षण से दीदियों को स्वरोजगार एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकते हैं.

बालिका शिक्षा एवं बाल विवाह रोकथाम के लिए दिलाई जाएगी सामूहिक शपथ

उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी सखी मंडल सदस्यों से आह्वान किया कि प्रत्येक परिवार अपने घर में “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ एवं बेटी को आगे बढ़ाओ” का संदेश अपनाए. उन्होंने कहा कि कोई भी परिवार 18 वर्ष से कम आयु की बच्ची का विवाह न करे और बालिकाओं की शिक्षा एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज को सामूहिक रूप से आगे आना होगा.

Chaibasa: DC emphasizes livelihood enhancement, social awareness, and women's empowerment at the 'Sakhi Samvad' program.

ई-केवाईसी, लखपति दीदी एवं कैश क्रेडिट लिंकेज में प्रगति बढ़ाने का निर्देश

उपायुक्त ने सखी मंडल की गतिविधियों की समीक्षा के क्रम में ई-केवाईसी एवं लखपति दीदी की प्रविष्टियों की प्रगति को असंतोषजनक बताते हुए इसमें शीघ्र गति लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कैश क्रेडिट लिंकेज के क्षेत्र में भी अधिक मेहनत करने तथा राज्य स्तर पर बेहतर रैंक प्राप्त करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने पर जोर दिया.

प्रत्येक सखी मंडल सदस्य लगाए कम से कम तीन पौधे

सखी संवाद कार्यक्रम के समापन के अवसर पर उपायुक्त ने प्रत्येक सखी मंडल सदस्य से कम से कम तीन-तीन वृक्ष लगाने का आह्वान किया. उन्होंने निर्देश दिया कि सखी दिवस, सखी संवाद एवं अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों के दौरान किए जाने वाले वृक्षारोपण की तस्वीर भी साझा की जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को व्यापक रूप दिया जा सके.

स्थानीय स्तर पर निर्मित सेनेटरी पैड के उपयोग एवं सुरक्षित निस्तारण के लिए किया प्रेरित

उपायुक्त ने नोआमुंडी क्षेत्र में सखी मंडल की दीदियों द्वारा स्थानीय स्तर पर किए जा रहे सेनेटरी पैड निर्माण की जानकारी साझा करते हुए सभी दीदियों को इसके उपयोग के लिए प्रेरित किया. उन्होंने सेनेटरी पैड के उपयोग के पश्चात निर्धारित एवं सुरक्षित निस्तारण स्थल पर उचित तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. कार्यक्रम के दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों को आजीविका से जोड़ने, सामाजिक सरोकारों में उनकी भागीदारी बढ़ाने, महिला सशक्तिकरण को गति देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक सामाजिक बदलाव लाने के लिए विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *