रांची: झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार अकीदत और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. शहर के प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों में हजारों की संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने एक साथ ईद की नमाज अदा की. शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर रही. सुरक्षा व्यवस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आईजी रांची सह एडीजी सीआईडी मनोज कौशिक खुद मोर्चा संभाले हुए थे.।रांची पुलिस ने सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय व्यवस्था की थी. भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील रास्तों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए कंट्रोल रूम से निगरानी की गई. ईदगाह और आसपास के रिहायशी इलाकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ड्रोन का सहारा लिया गया.नमाज के समय सड़कों पर जाम न लगे, इसके लिए यातायात पुलिस ने कई रूटों को डायवर्ट किया था. सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए आईजी मनोज कौशिक ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया. वे सबसे पहले डोरंडा स्थित ईदगाह पहुंचे, जहां उन्होंने मौके पर तैनात थाना प्रभारी दीपिका से सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली. शहर के चप्पे-चप्पे पर अतिरिक्त पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई थी, जिससे कहीं भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और सौहार्दपूर्ण वातावरण में नमाज संपन्न हुई. इस दौरान पूरा माहौल भाईचारे, अमन और एकता के रंग में रंगा नजर आया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी.शनिवार सुबह से ही रांची के डोरंडा ईदगाह, अपर बाजार स्थित जामा मस्जिद और अन्य इबादतगाहों में नमाजियों का तांता लगा रहा. भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और समितियों ने व्यापक इंतजाम किए थे.


