गिरिडीह: जिले के बगोदर क्षेत्र में शनिवार को मौसम ने अचानक ऐसा रुख बदला कि लोग हैरान रह गए. दोपहर बाद आसमान में काले बादल घिर आए और देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान हुई भारी ओलावृष्टि ने पूरे इलाके को सफेद चादर से ढक दिया.

सफेद चादर से ढंका पूरा इलाका
कुछ ही मिनटों में खेत, सड़कें, घरों की छतें और पेड़-पौधे ओलों की मोटी परत से ढंक गए. पूरा बगोदर इलाका मानो किसी पहाड़ी शहर, खासकर शिमला की वादियों जैसा नजर आने लगा. यह नजारा इतना मनमोहक था कि लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और इस अनोखे मौसम को करीब से महसूस करने लगे.
Also Read: गिरिडीह : दो दिनों से लापता युवक का शव घर के कुएं में ही मिला, घटना से इलाके में सनसनी
लोगों ने कैमरों में कैद किया नजारा
बच्चे हाथों में ओले लेकर खेलते नजर आए, तो वहीं युवा और अन्य स्थानीय लोग इस दुर्लभ दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते दिखे. कई लोगों ने इसे “कुदरत का करिश्मा” बताया. लंबे समय बाद इस तरह की तेज ओलावृष्टि देखने को मिली, जिससे लोगों में उत्सुकता और खुशी दोनों देखने को मिली.
किसानों की बढ़ी चिंता
हालांकि, इस खूबसूरत नजारे के बीच किसानों की चिंता भी साफ झलक रही है. अचानक हुई ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है. खासकर गेहूं, दलहन और सब्जियों की फसलों पर इसका असर पड़ सकता है.
गर्मी से राहत, यादगार बना नजारा
मौसम के इस बदले मिजाज ने जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर प्रकृति के इस अनोखे रूप ने बगोदर को कुछ समय के लिए पहाड़ों की खूबसूरती में बदल दिया. यह दृश्य लोगों के लिए यादगार बन गया, जिसे उन्होंने न सिर्फ देखा बल्कि अपने कैमरों में भी संजो लिया.

