रांची: झारखंड की राजनीति और सामाजिक गलियारों में मचे हलचल के बीच राहुल सिंह ने आज एक बेहद भावुक प्रेस बयान जारी किया है. सोशल मीडिया और कुछ मीडिया घरानों में चल रही खबरों पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए राहुल सिंह ने स्पष्ट किया, कि उनके खिलाफ चलाया जा रहा अभियान पूरी तरह से निराधार, भ्रामक और एक गहरी साजिश का हिस्सा है.

प्रेमिका और गैंग की कहानी पूरी तरह मनगढ़ंत
राहुल सिंह ने उन खबरों का कड़ाई से खंडन किया है, जिनमें एक महिला और उसकी मां को उनकी प्रेमिका’ और गैंग की संचालिका बताया जा रहा है. उन्होंने कहा, सुबह से जो खबरें फैलाई जा रही हैं, वे केवल मेरी छवि खराब करने के लिए गढ़ी गई कहानियां हैं. नारी को देवी मानने वाली हमारी संस्कृति में इस तरह के ओछे आरोप लगाना न केवल शर्मनाक है, बल्कि अमानवीय भी है.
चम्पा देवी के साथ संबंधों पर दी सफाई
इस प्रकरण में घसीटे जा रहे चम्पा देवी के नाम पर राहुल सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि चम्पा देवी, झारखंड संघर्ष जनमुक्ति मोर्चा के सुप्रीमो रामदेव उरांव की धर्मपत्नी हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा चम्पा देवी जी मेरे लिए मां और बहन के समान आदरणीय हैं. किसी संगठन में साथ काम करने का यह मतलब कतई नहीं है कि किसी की पत्नी या बेटी के साथ मेरा नाम जोड़कर उनके सम्मान को तार-तार किया जाए. निर्दोष महिलाओं की इज्जत के साथ यह खिलवाड़ मैं किसी कीमत पर स्वीकार नहीं करूंगा.
