चतरा: जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप स्थित जंगल में एक 50 वर्षीय महिला की टांगी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
महुआ चुनने गई थी महिला, घर नहीं लौटने पर हुई खोजबीन:
मृतक महिला की पहचान शहर के किशुनपुर मोहल्ला निवासी शीतल यादव की पत्नी गीता देवी (50 वर्ष) के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब तीन बजे गीता देवी हर दिन की तरह घर से महुआ चुनने के लिए पास के जंगल में गई थीं. जब शाम ढलने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता होने लगी. अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग टॉर्च लेकर जंगल की ओर निकले.काफी खोजबीन के बाद, रात करीब एक बजे एक महुआ के पेड़ के नीचे गीता देवी का खून से लथपथ शव बरामद हुआ.
टांगी से किए गए शरीर पर कई वार:
घटनास्थल का नजारा बेहद भयावह था. हमलावरों ने महिला पर टांगी से कई वार किए थे, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी. शव मिलने की सूचना तुरंत सदर थाना पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इस घटना के बाद से मृतका के परिजनों और किशुनपुर मोहल्ले के निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है. परिजनों ने पुलिस प्रशासन से हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है.
