Click Here
Click Here
Click Here

पलामू में स्वास्थ्य केंद्र निर्माण में घोटाले का आरोप, पांकी विधायक ने मांगी ED जांच

पलामू: जिले के पांकी विधायक ने स्वास्थ्य विभाग में सरकारी धन के दुरुपयोग और टेंडर घोटाले का गंभीर आरोप लगाया है. विधायक...

पलामू: जिले के पांकी विधायक ने स्वास्थ्य विभाग में सरकारी धन के दुरुपयोग और टेंडर घोटाले का गंभीर आरोप लगाया है. विधायक ने प्रेस वार्ता कर सरकार और स्वास्थ्य विभाग को कठघरे में खड़ा करते हुए कई गंभीर सवाल उठाए.

विधायक का कहना है कि जिन गांवों में पहले से ही स्वास्थ्य केंद्र मौजूद हैं, वहां करोड़ों रुपये की लागत से दोबारा नए भवनों का निर्माण कराया जा रहा है, जो सीधे तौर पर सरकारी खजाने की लूट है. उन्होंने चार प्रखंडों के उदाहरण देते हुए कथित भ्रष्टाचार के मॉडल को उजागर किया.

उन्होंने बताया कि नीलाम्बर-पीताम्बरपुर प्रखंड के गोराडीह में 12 साल पहले से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बना हुआ है, जहां आज तक डॉक्टर नहीं पहुंचे. वहीं लेस्लीगंज का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यहां से महज डेढ़ किलोमीटर दूर है. इसके बावजूद करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से नया केंद्र बनाना धन का दुरुपयोग है.

इसी तरह पांकी प्रखंड के बोरोदिरी में पहले से स्वास्थ्य केंद्र मौजूद है और करीब 60 लाख रुपये की लागत से एक नया केंद्र निर्माणाधीन है. इसके बावजूद एक और नए टेंडर निकालने का कोई औचित्य नहीं है.

तरहसी प्रखंड के बलियारी में भी पुराने भवन को तोड़कर लगभग 60 लाख रुपये की लागत से नया केंद्र बनाया जा रहा है, जबकि वहां पहले से भवन मौजूद था. वहीं तरहसी गांव में पहले से बड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित होने के बावजूद कुछ चुनिंदा संवेदकों को लाभ पहुंचाने के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से नए निर्माण की निविदा निकाली गई है.

विधायक ने कहा कि वे इस पूरे मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात करेंगे और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मामले पर त्वरित संज्ञान नहीं लिया, तो वे प्रवर्तन निदेशालय यानी ED से जांच की मांग करेंगे.

विधायक ने यह भी कहा कि नए भवन बनाने के बजाय सरकार को पहले से बने स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति पर ध्यान देना चाहिए. अन्यथा वे जनता के हित में सदन से लेकर सड़क तक उग्र आंदोलन करेंगे.

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *