सरायकेला: रामनवमी के मद्देनज़र सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसी कड़ी में चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार बिन्हा ने विभिन्न रामनवमी अखाड़ों का निरीक्षण किया.
इस दौरान उन्होंने झिमरी के हाटटोला स्थित बजरंगबली अखाड़ा का भी जायजा लिया. साथ ही जुलूस के रूट और संवेदनशील स्थानों का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
Also Read: रांची को मिलेगा बड़ा तोहफा, 100 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर प्लांट से 1 लाख घरों को मिलेगी निर्बाध बिजली.
पिछले साल की घटना से सबक, शांति पर जोर
गौरतलब है कि पिछले साल रामनवमी के बाद झिमरी में एक लड़की को भगाकर ले जाने के मामले को लेकर झड़प हुई थी, जिसने विकराल रूप ले लिया था. इस दौरान कई घरों और दुकानों में आगजनी हुई थी और पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे. करीब दो महीने तक प्रशासन की सख्त निगरानी में स्थिति को सामान्य किया गया था. इसी को देखते हुए प्रशासन इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहता है.
SDPO अरविंद कुमार बिन्हा ने कहा कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और लोग आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने अखाड़ा समितियों को विशेष दिशा-निर्देश देते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की और सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रभु श्री राम के मार्ग पर चलने से क्षेत्र में निश्चित रूप से विकास होगा.
