News Desk: आईपीएल के 19वें सीजन से पहले बुधवार यानी आज बीसीसीआई के साथ सभी टीमों के कप्तानों की बैठक होगी. इस मीटिंग में इंपैक्ट सब्स्टीट्यूट नियम और आचार संहिता (रूल्स) पर चर्चा की जाएगी. बीसीसीआई हर सीजन से पहले ऐसी बैठक करता है, ताकि सभी टीमों को नियमों की सही जानकारी मिल सके. इस बार बैठक को भारत के पूर्व खिलाड़ी जवागल श्रीनाथ और अंपायर नितिन मेनन संबोधित करेंगे. दोनों मैच रेफरी और अंपायर पैनल के प्रमुख हैं.
इस मीटिंग में खिलाड़ियों के व्यवहार, नए नियम और मैच के दौरान पालन किए जाने वाले दिशा-निर्देशों पर खास जोर रहेगा.
कप्तानों की बैठक में नियमों पर होगी खास चर्चा
बीसीसीआई( BCCI) के एक अधिकारी के अनुसार, इस बार कोई नया नियम लागू नहीं किया गया है. लेकिन कुछ टीमों के कप्तान और कोच नए हैं, इसलिए उन्हें सभी नियमों की सही जानकारी देना जरूरी है. बैठक में जिन मुख्य बातों पर चर्चा होगी, उनमें हर ओवर में दो बाउंसर की अनुमति, बल्ले के साइज की जांच, गेंद खराब या खो जाने पर उसे बदलने का नियम, रिटायर्ड आउट का फैसला और गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल जैसे मुद्दे शामिल हैं.
गौर करने वाली बात यह है कि सितंबर 2022 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लार के इस्तेमाल पर रोक लगी थी, लेकिन आईपीएल 2025 सीजन से पहले इस प्रतिबंध को हटा दिया गया था.
पिछले फैसले रहेंगे जारी, नियमों में नहीं होगा बदलाव
पिछले साल 2025 में हुई कप्तानों की बैठक में कुछ बड़े फैसले लिए गए थे, जो इस सीजन में भी लागू रहेंगे. सबसे अहम फैसला था—सभी 10 कप्तानों की सहमति से गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल की फिर से अनुमति देना. इसके अलावा यह भी तय किया गया था कि दूसरी पारी में गेंदबाजी करने वाली टीम को 10वें ओवर के बाद एक बार गेंद बदलने का मौका मिलेगा. यह नियम खासतौर पर शाम के मैचों में ओस की समस्या को ध्यान में रखते हुए लागू किया गया था.
नियम के मुताबिक, गेंदबाजी करने वाली टीम का कप्तान गेंद बदलने की मांग कर सकता है, चाहे मैदान पर ओस दिख रही हो या नहीं. हालांकि, नई गेंद का चयन मैदान पर मौजूद अंपायर ही करेंगे. साथ ही, डीआरएस (डिसीजन रिव्यू सिस्टम) के दायरे को भी बढ़ाया गया था. ये सभी फैसले अब आईपीएल 2026 सीजन में भी जारी रहेंगे.
