Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं को लेकर राजधानी रांची में चल रहा विरोध प्रदर्शन अब और उग्र रूप लेता दिख रहा है. पिछले 17 दिनों से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारी छात्रों और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के बीच रविवार को हुई वार्ता बेनतीजा साबित हुई. वार्ता विफल होने के ठीक बाद छात्र नेताओं ने आगे के आंदोलन की घोषणा करते हुए आज यानि सोमवार को सुबह 10 बजे हजारों की संख्या में विधानसभा का घेराव करने निकलेंगे.
विधानसभा क्षेत्र बना छावनी, रास्ते सील:
छात्रों के इस बड़े ऐलान के बाद रांची पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गए हैं. सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नवनिर्मित विधानसभा परिसर और आसपास के पूरे इलाके में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. विधानसभा की ओर जाने वाले सभी मुख्य और सहायक रास्तों पर मजबूत बैरिकेड्स के साथ-साथ कंटीले तार लगाए गए हैं. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल, रैपिड एक्शन फोर्स और वाटर कैनन की गाड़ियां तैनात की गई हैं. चारों तरफ कंटीली तारों की घेराबंदी और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के कारण पूरा विधानसभा क्षेत्र किसी बॉर्डर जैसा नजर आ रहा है. सोमवार सुबह 10 बजे होने वाले इस प्रदर्शन को देखते हुए आसपास के रूटों पर ट्रैफिक भी प्रभावित होने की संभावना है, जिसको लेकर आम नागरिकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है.

