News Desk: चैत्र नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा की जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, उनकी उपासना करने से नकारात्मक शक्तियों का अंत होता है और जीवन की परेशानियां दूर होती हैं. इस दिन मां को मीठा भोग अर्पित करना विशेष फलदायी माना जाता है, जिसमें मालपुआ बेहद प्रिय है. मान्यता है कि मालपुआ का भोग लगाने से मां कालरात्रि शीघ्र प्रसन्न होती हैं और भक्तों पर अपनी कृपा बरसाती हैं
आइए जानते हैं, सप्तमी के खास अवसर पर घर में आसानी से मालपुआ कैसे तैयार किया जा सकता है.
मालपुआ बनाने के लिए आवश्यक सामग्री:
- 1 कप मैदा
- आधा कप मावा (अच्छी तरह कद्दूकस किया हुआ)
- लगभग 1.5 से 2 कप दूध
- 1 छोटा चम्मच मोटी पिसी हुई सौंफ
- आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- चाशनी के लिए 1.5 कप चीनी
- 1 कप पानी
- 7–8 केसर के धागे
- तलने के लिए घी या रिफाइंड तेल
- सजाने के लिए कटे हुए बादाम और पिस्ता
मालपुआ बनाने की विधि
- मालपुआ बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा और कद्दूकस किया हुआ मावा लें. इसमें धीरे-धीरे दूध मिलाते हुए स्मूद और बिना गुठली वाला घोल तैयार करें.
- अब इस घोल में दरदरी कुटी सौंफ और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं. घोल को ढककर करीब 20 से 30 मिनट के लिए रख दें, ताकि मिश्रण अच्छे से सेट हो जाए.
- इसके बाद चाशनी तैयार करें. एक पैन में चीनी और पानी डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. जब चीनी घुल जाए, तो इसमें केसर और थोड़ा इलायची पाउडर डाल दें. चाशनी को हल्का चिपचिपा होने तक पकाएं, फिर गैस बंद कर दें.
- अब कड़ाही में घी गर्म करें. घी गरम होने पर एक चम्मच से घोल डालें, जो अपने आप गोल आकार ले लेगा. इसे मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें.
- तैयार मालपुआ को हल्की गरम चाशनी में डालकर कुछ सेकंड रखें, फिर निकाल लें. ऊपर से कटे हुए बादाम-पिस्ता डालकर मां कालरात्रि को भोग लगाएं और प्रसाद के रूप में वितरित करें.
