देवघर: बाबा मंदिर की दानपेटी से निकला पाकिस्तानी नोट, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, गाजियाबाद कनेक्शन की भी जांच शुरू

देवघर: विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में गुरुवार का दिन सुरक्षा और खुफिया विभाग के लिए काफी हलचल भरा रहा. मंदिर की दानपेटियों...

देवघर: विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में गुरुवार का दिन सुरक्षा और खुफिया विभाग के लिए काफी हलचल भरा रहा. मंदिर की दानपेटियों की नियमित गिनती के दौरान भारतीय मुद्रा और अन्य विदेशी मुद्राओं के साथ पाकिस्तानी नोट मिलने से हड़कंप मच गया है. मंदिर के इतिहास में यह संभवतः पहला मौका है जब दानपेटी से पाकिस्तान की मुद्रा बरामद हुई है.

विदेशी मुद्रा के बीच मिला 100 का पाकिस्तानी नोट:

कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में जब दानपेटियां खोली गईं, तो उनमें भारतीय रुपयों के अलावा अमेरिकी डॉलर, यूरो और नेपाली मुद्रा मिली. लेकिन गिनती करने वाले कर्मचारी तब हैरान रह गए जब उनके हाथ 100 रुपये का एक पाकिस्तानी नोट लगा. मंदिर प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना वरीय अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को दी. जानकार बताते हैं कि इससे पहले दानपेटी में कई देशों की मुद्राएं मिली हैं, लेकिन पाकिस्तानी नोट का मिलना असामान्य और चिंताजनक है.

सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी सक्रियता:

इस बरामदगी के बाद खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई है. नौ जनवरी को आखिरी बार दानपेटी खोली गई थी. तब से लेकर अब तक के सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं. जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस अवधि के दौरान क्या कोई व्यक्ति पाकिस्तानी पासपोर्ट पर देवघर आया था. उन होटलों और धर्मशालाओं की भी जांच हो सकती है जहां विदेशी पर्यटक रुकते हैं. हालांकि यह भी संभव है कि किसी भारतीय नागरिक के पास पुराना पाकिस्तानी नोट बचा हो और उसने उसे दान स्वरूप डाल दिया हो, लेकिन पाकिस्तान के साथ जुड़े संदेहास्पद संबंधों को देखते हुए एजेंसियां कोई जोखिम नहीं लेना चाहतीं.

गाजियाबाद और आतंकी कनेक्शन से जुड़ रहे हैं तार?

सुरक्षा एजेंसियों की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि हाल ही में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक संदिग्ध युवक और युवती को गिरफ्तार किया गया था. जांच के दौरान उनके मोबाइल से बाबा बैद्यनाथ मंदिर के फोटो और वीडियो बरामद हुए थे. सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार संदिग्धों के तार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने की आशंका जताई गई थी. आरोप है कि ये लोग पैसों के बदले भारत के महत्वपूर्ण धार्मिक और रणनीतिक स्थलों की रेकी कर रहे थे. हाल ही में पहलगाम हमले के बाद एक महिला यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की गिरफ्तारी और जासूसी के आरोपों ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे.

मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था सख्त:

इस घटना के बाद बाबा मंदिर परिसर में सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है. मंदिर प्रशासन ने अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों या संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. फिलहाल, पूरा मामला जांच के घेरे में है और बरामद नोट को जब्त कर लिया गया है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *