Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

देवघर: जमीन विवाद में वृद्ध की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या

Deoghar: जिले के रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनवा डंगाल में शुक्रवार की रात एक 65 वर्षीय वृद्ध की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या...

Deoghar News
घटनास्थल पर मौजूद लोग

Deoghar: जिले के रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनवा डंगाल में शुक्रवार की रात एक 65 वर्षीय वृद्ध की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को सुनसान डंगाल में फेंक दिया गया. शनिवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने शव देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान रिखिया थाना क्षेत्र के बिहरोजी गांव निवासी रामकी महतो (65 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही रिखिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है.

रोजाना की तरह दुकान से काम निपटाकर घर लौट रहे थे रामकी महतो

घटना के संबंध में परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, रामकी महतो प्रतिदिन देवघर स्थित एक पेड़ा दुकान में मजदूरी करने जाते थे. काम खत्म करने के बाद वे रोजाना रात करीब 10 बजे अपनी साइकिल से बिहरोजी गांव स्थित अपने घर लौटते थे. शुक्रवार की रात भी वह दुकान से काम निपटाकर घर के लिए निकले थे. इसी दौरान सोनवा डंगाल के समीप पूर्व से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से उन पर जानलेवा हमला कर दिया. शनिवार की सुबह जब ग्रामीण सोनवा डंगाल की तरफ गए, तो उन्होंने रामकी महतो का शव पड़ा देखा और तत्काल परिजनों व पुलिस को इसकी सूचना दी.

शरीर पर गंभीर चोटों के निशान, झाड़ी से साइकिल व मोबाइल बरामद

मृतक के शरीर का मुआयना करने पर उनके माथे पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे अत्यधिक खून बहा था. इसके अलावा शरीर पर कई जगह गंभीर जख्म के निशान मिले हैं, जो हमले की बर्बरता को दर्शाते हैं. पुलिस ने घटनास्थल के पास झाड़ियों से मृतक की साइकिल और चप्पल बरामद की है, जबकि कुछ ही दूरी पर उनका मोबाइल फोन और चार्जर भी पड़ा हुआ मिला. पुलिस ने इन सभी सामानों को जब्त कर लिया है.

बेटे का आरोप: जमीन हड़पने की नीयत से गोतिया के लोगों ने की हत्या

मृतक के बेटे डमरू यादव ने अपने गोतिया (गांव के ही संबंधी) पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है. डमरू यादव का कहना है कि जमीन हड़पने की नीयत से उनके गोतिया के लोग काफी समय से उनके पिता को प्रताड़ित कर रहे थे. डमरू यादव ने बताया कि करीब एक महीने पहले भी गोतिया के लोगों ने उनके घर को ध्वस्त कर दिया था और पिता के साथ मारपीट की थी. परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार की रात गोतिया के 4-5 लोग सोनवा डंगाल के पास घात लगाकर बैठे थे. जैसे ही रामकी महतो अकेले वहां से गुजरे, आरोपियों ने उन्हें घेरकर बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला.

यह भी पढ़ें: पलामू में चतुर्थ वर्गीय नियुक्ति की मांग को लेकर आमरण अनशन जारी  – Newswave Jharkhand

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *