पलामू: हुसैनाबाद के क्षेत्रीय विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने हैदरनगर प्रखंड के कुकही पंचायत के विभिन्न गांवों में विधायक कोटा की तीन योजनाओं का शिलान्यास किया. इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद के प्रखंड अध्यक्ष शमीम खान ने की, जबकि संचालन राजेश्वर यादव ने किया.
विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने कहा कि चरणबद्ध तरीके से सभी गांवों में विधायक कोटा की राशि से विकास कार्य किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सड़क, भवन और पेयजल जैसी बड़ी योजनाओं पर पूरे क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है.
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि संबंधित गांवों के ग्रामीण और प्रबुद्धजन विकास कार्यों पर निगरानी रखें. यदि किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है, तो वे सीधे उनसे शिकायत करें, ताकि तत्काल सुधार कराया जा सके. उन्होंने विकास कार्यों को सफलतापूर्वक क्रियान्वित कराने में सहयोग की भी अपील की.
जिन योजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें ग्राम नयका टोला में पीसीसी सड़क निर्माण, घूरा टोला में भूमि समतलीकरण तथा बिन टोला में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं.
इस अवसर पर सुदेश्वर राम, अनिल चंद्रवंशी, जमुना यादव, राजेश्वर मेहता, लल्लू सिंह, धर्मेंद्र, राकेश पासवान, सुरेंद्र मेहता समेत राजद के कई कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे.
