रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रघुबर दास ने मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव को लेकर जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने भाजपा समर्थित मेयर उम्मीदवार अरुणा शंकर के समर्थन में लोगों से मतदान की अपील की. अपने संबोधन में उन्होंने शहरी विकास और नगर प्रशासन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया.
वर्तमान सरकार पर लगाए गंभीर आरोप.
रघुवर दास ने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार शहरी निकायों को मजबूत करने को लेकर गंभीर नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि न्यायालय की फटकार के बाद नगर निकाय चुनाव कराए जा रहे हैं. साथ ही शहरों में बुनियादी सुविधाओं की कमी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विकास की गति संतोषजनक नहीं है और आम लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है.

23 फरवरी को मतदान की अपील.
जनसभा के दौरान उन्होंने मतदाताओं से 23 फरवरी को अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की. उन्होंने मेयर पद की उम्मीदवार अरुणा शंकर के पक्ष में समर्थन जताते हुए चुनाव चिन्ह पर मुहर लगाने का आह्वान किया. कार्यक्रम में कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. इस बयान के साथ मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव का राजनीतिक माहौल और गर्म होता नजर आ रहा है.
