NEWS DESK: आईपीएल 2026 के 5वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को इकाना स्टेडियम में शिकस्त दी. दिल्ली ने 142 रनों के आसान लक्ष्य को 4 विकेट खोकर हासिल किया और LSG के ऊपर अपनी पकड़ बरकरार रखी. दिलचस्प बात यह है कि 2023 के बाद से दिल्ली LSG के खिलाफ एक भी मैच नहीं हारी है.
दिल्ली की गेंदबाजी का जलवा, LSG 141 रन पर सिमटी
मैच में टॉस जीतकर दिल्ली ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो काफी सही साबित हुआ. LSG की टीम 18.4 ओवर में 141 रन ही बना सकी. लखनऊ की तरफ से अब्दुल समद ने 36 और मिचेल मार्श ने 35 रन की उपयोगी पारियां खेलीं, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका. दिल्ली की गेंदबाजी में लुंगी एन्गिडी और टी नटराजन ने कमाल किया और दोनों ने 3-3 विकेट झटके. वहीं, कुलदीप यादव ने 2 विकेट लिए और कप्तान अक्षर पटेल ने भी 1 सफलता पाई.
समीर रिजवी की धमाकेदार पारी ने पलटा मैच
दिल्ली की बल्लेबाजी की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पारी की पहली ही गेंद पर मोहम्मद शमी ने केएल राहुल को आउट कर दिया. इसके बाद नितीश राणा (15), पाथुम निसांका (1) और अक्षर पटेल (0) भी जल्दी पवेलियन लौट गए. सिर्फ 4.3 ओवर में दिल्ली 26 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी थी और मैच लखनऊ के पक्ष में नजर आ रहा था.
इसी मुश्किल समय में युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने मैदान में धमाल मचा दिया. रिजवी ने 47 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल थे. उनका स्ट्राइक रेट 148.93 का रहा. उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स (39*) के साथ पांचवें विकेट के लिए 119 रन की शानदार साझेदारी निभाई.इस साझेदारी के दम पर दिल्ली ने 17.1 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और सीजन की शानदार शुरुआत की.
