Ranchi: राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंगबाजी रोकने के लिए रांची पुलिस एक्शन मोड में है. एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर शनिवार की देर रात शहर में एक व्यापक अभियान चलाया गया. सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से शराब दुकानों के बाहर जमावड़ा लगाने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वाले पब-बार संचालकों में हड़कंप मच गया.

सड़कों और शराब दुकानों के बाहर सघन चेकिंग:
अक्सर यह शिकायतें मिल रही थीं कि शराब दुकानों के बाहर और सार्वजनिक स्थलों पर लोग गाड़ियां खड़ी कर शराब पीते हैं, जिससे आम जनता और खासकर महिलाओं को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. सिटी एसपी पारस राणा खुद इस अभियान की कमान संभाल रहे थे. पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के प्रमुख इलाकों में स्थित शराब दुकानों के बाहर औचक छापेमारी की. सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया और उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई. पुलिस ने साफ किया कि सड़कों को मयखाना बनाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.


देर रात 8 पब और बार में पुलिस की दबिश:
सड़कों पर अभियान चलाने के साथ-साथ रांची पुलिस की नजर शहर के नाइटलाइफ हब पर भी थी. शनिवार की देर रात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने रांची के आठ प्रमुख पब और बार में एक साथ छापेमारी की. एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट किया है कि राजधानी की कानून व्यवस्था और शांति से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं है. यह अभियान केवल एक दिन का नहीं है, बल्कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की औचक कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शराब दुकानों के आसपास गश्त बढ़ाने और पब-बार के समय पर सख्त नजर रखने का निर्देश दिया है.


