Giridih : झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने शनिवार को गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-20 स्थित 28 नंबर भंडारीडीह पहुंचकर दिवंगत राजकुमार पासवान के परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और मामले में निष्पक्ष जांच व दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया. मंत्री के साथ नगर निगम की महापौर प्रमिला मेहरा और उपमहापौर सुमित कुमार भी मौजूद रहे. उन्होंने मृतक की पत्नी, दोनों बेटियों और पुत्र से मुलाकात कर परिवार की स्थिति की जानकारी ली और हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
फिजियोथैरेपिस्ट को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए
मंत्री ने मौके पर मौजूद नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह को निर्देश दिया कि क्लिनिक बंद कर फरार चल रहे फिजियोथैरेपिस्ट चिकित्सक को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके. जानकारी के अनुसार, राजकुमार पासवान 29 जून को कंधे में दर्द की शिकायत लेकर बक्सीडीह रोड स्थित झिंझरी मोहल्ला के एक फिजियोथैरेपी क्लिनिक में इलाज कराने गए थे. परिजनों का आरोप है कि उन्हें गलत इंजेक्शन दिया गया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और अगले दिन सुबह उनकी मौत हो गई. घटना के बाद से संबंधित चिकित्सक फरार बताया जा रहा है और क्लिनिक बंद है। मंत्री ने कहा कि राजकुमार पासवान परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे और उनके निधन से परिवार पर गहरा आर्थिक व मानसिक संकट उत्पन्न हो गया है. सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी. इस दौरान स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या मौजूद रही. लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की. परिजनों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करेगा और उन्हें न्याय मिलेगा.

ALSO READ : बोकारो: जरीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने चलाया विशेष जांच अभियान, असामाजिक तत्वों पर सख्ती


