गिरिडीह: नगर थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी चौक स्थित पशुपतिनाथ टिबड़ेवाल के चार मंजिला मकान के छत पर बने स्टोर रूम में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
परिवार और पड़ोसियों ने की शुरुआती कोशिश

मकान व दुकान मालिक पशुपतिनाथ टिबड़ेवाल ने बताया कि उनका पूरा परिवार फर्स्ट फ्लोर में रहता है और नीचे दुकान संचालित होती है. चौथे तल्ले की छत पर बने स्टोर रूम में घर और दुकान से संबंधित कबाड़ रखा हुआ था. पड़ोसियों ने फोन कर आग की सूचना दी. परिजनों ने पहले खुद पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके.
फायर ब्रिगेड ने एक घंटे में पाया काबू

इसके बाद तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई. फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
संभव कारण और नुकसान
बताया जा रहा है कि स्टोर रूम में तेल से भरा जनरेटर, इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड और तार रखे हुए थे. आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है.

गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी. इस घटना में जानमाल की बड़ी क्षति नहीं हुई, लेकिन स्टोर में रखा सामान जलकर खाक हो गया.
