पलामू: जिले में प्रभु श्री राम और हनुमान जी का जन्मोत्सव पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. विश्व हिंदू परिषद पलामू द्वारा जिला मुख्यालय के रेड़मा स्थित हनुमान मंदिर, बायपास रोड स्थित काली मंदिर, मनोकामना पूर्ति शिव मंदिर और सती मंदिर सहित दर्जनों स्थानों पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए. इन कार्यक्रमों के दौरान भारी संख्या में जुटे श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्री राम स्तुति और हनुमान चालीसा का पाठ किया.

इस अवसर पर आयोजित सभाओं में वक्ताओं ने प्रभु श्री राम के आदर्श व्यक्तित्व और उनके सामाजिक संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला. वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन और विश्व हिंदू परिषद की भावी योजनाओं के बारे में भी लोगों को जानकारी दी.
कार्यक्रम में एक विशेष सम्मान समारोह भी आयोजित हुआ जहाँ श्री राम सेना के प्रदेश अध्यक्ष पंकज जायसवाल के नेतृत्व में सदस्यों ने विहिप के जिला पालक दामोदर मिश्र और जिला मंत्री अमित तिवारी सहित अन्य अधिकारियों को पगड़ी पहनाकर और तलवार भेंट कर सम्मानित किया. विहिप अधिकारियों ने इस सम्मान के लिए श्री राम सेना का आभार व्यक्त किया.

जिले के विभिन्न प्रखंडों से भी लगातार जन्मोत्सव मनाए जाने की खबरें मिल रही हैं. आज के इन कार्यक्रमों में मुख्य रूप से दामोदर मिश्र, अमित तिवारी, सुरेश वर्मा, रवि तिवारी, विवेक सिंह, पंकज जायसवाल, शशि भूषण मिश्र और हरि ओम शंकर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.
