गुमला: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्री प्रकाश चंद्र गुग्गी के नेतृत्व में गुमला के लक्ष्मण नगर फसिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का सघन निरीक्षण किया गया.
सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर ध्यान
निरीक्षण के दौरान केंद्र में साफ-सफाई की व्यवस्था, बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था का गहन रूप से जायजा लिया गया. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका को नियमित रूप से परिसर की सफाई बनाए रखने, रसोईघर को स्वच्छ रखने और खाद्य पदार्थों को ढककर सुरक्षित तरीके से संग्रहित करने के निर्देश दिए.
इस दौरान केंद्र में उपलब्ध खाद्य सामग्री की भी जांच की गई और किसी भी प्रकार के एक्सपायरी उत्पाद के उपयोग पर सख्त रोक लगाई गई. साथ ही सभी खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी तिथि की नियमित जांच करने और समय-समय पर स्टॉक का सत्यापन करने को कहा गया.
पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित
पेयजल की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया गया कि बच्चों को केवल स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल ही उपलब्ध कराया जाए. इसके लिए पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने और साफ बर्तनों में पानी संग्रहित करने का निर्देश भी दिया गया.
इसके अतिरिक्त, वहां वितरित किए जाने वाले पौष्टिक आहार के सैंपल लेकर उसे प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजा गया, ताकि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की पुष्टि की जा सके.
पोषण स्तर और गुणवत्ता जांच
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने यह भी कहा कि बच्चों को दिए जाने वाले भोजन के पोषण स्तर का विशेष ध्यान रखा जाए और सरकार द्वारा निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के समुचित शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए यहां किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.निरीक्षण के अंत में संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया गया कि सभी नियमों का कड़ाई से पालन करें, अन्यथा आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाएगी.
