बेरमो: खेलो इंडिया ट्राइबल नेशनल गेम्स में बोकारो जिले के एथलीटों ने अपने बेहतर प्रदर्शन से जिले का मान बढ़ाया है. खिलाड़ियों की इस सफलता और खेल के क्षेत्र में उनके समर्पण को देखते हुए रविवार को बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा के आवास पर एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर उपायुक्त और चंदनक्यारी विधायक उमाकांत रजक ने संयुक्त रूप से एथलीट कोच आशु भाटिया को सम्मानित किया. उन्होंने कोच आशु के कुशल मार्गदर्शन की सराहना की, जिसकी बदौलत जिले के बच्चों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई.
राष्ट्रीय पटल पर हुनर दिखाना गौरव की बात- उपायुक्त
सम्मान समारोह के दौरान उपायुक्त ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद बोकारो के बच्चों ने राष्ट्रीय पटल पर जो हुनर दिखाया है, वह गौरव की बात है. उन्होंने भविष्य में खिलाड़ियों को हर संभव सरकारी सहायता और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया.
विधायक उमाकांत रजक ने कोच आशु भाटिया के प्रयासों को सराहते हुए कहा कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच और प्रशिक्षण की आवश्यकता है. आशु भाटिया जैसे प्रशिक्षक इन हीरों को तराशने का काम कर रहे हैं. कोच आशु भाटिया ने इस सम्मान के लिए जिला प्रशासन और विधायक का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन बच्चों की कड़ी मेहनत का परिणाम है, जिन्होंने मैदान पर पसीना बहाया है. उक्त जानकारी कोच आशु ने दी.
यह भी पढ़ें: रांची में महिलाओं को बड़ी राहत: मंईयां सम्मान योजना के तहत 97 करोड़ से ज्यादा की राशि का भुगतान
