Newswave Desk: भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कम उम्र में ही अपने शानदार खेल से क्रिकेट जगत में अपनी पहचान बना ली है. अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली भी वैभव के खेल के कायल हो गए हैं. उन्होंने वैभव की उम्र को लेकर होने वाली चर्चा को बेवजह बताया है. ब्रेट ली का कहना है कि लोगों को उनकी उम्र पर सवाल उठाने के बजाय उनके खेल पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर वैभव 15 साल के हैं तो यह शानदार बात है और अगर उनकी उम्र 17 या 18 साल भी हो, तो इससे उनकी क्रिकेट खेलने की क्षमता पर कोई फर्क नहीं पड़ता. ली ने कहा कि उन्हें वैभव की उम्र से ज्यादा इस बात में दिलचस्पी है कि यह युवा खिलाड़ी कितना शानदार क्रिकेट खेलता है.
तेज गेंदबाजों के सामने भी नहीं घबराते वैभव
ब्रेट ली ने वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की. उन्होंने खास तौर पर तेज गेंदबाजों के खिलाफ वैभव के आत्मविश्वास को सराहा. IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वैभव की 97 रन की पारी ने उन्हें काफी प्रभावित किया. ली ने बताया कि उस मुकाबले में तेज गेंदबाज लगातार रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन वैभव ने शॉर्ट गेंदों के सामने भी अपना आक्रामक अंदाज नहीं बदला. उन्होंने कहा कि वैभव सिर्फ ताकत के दम पर बड़े शॉट नहीं लगाते, बल्कि सही क्रिकेटिंग शॉट खेलकर भी तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं.
शोहरत संभालना वैभव के लिए बड़ी चुनौती
ब्रेट ली ने वैभव को एक जरूरी सलाह भी दी. उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में मिलने वाली शोहरत और बढ़ती उम्मीदों को संभालना उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी. ली के मुताबिक, वैभव की बल्लेबाजी या फॉर्म को लेकर उन्हें ज्यादा चिंता नहीं है, बल्कि उन्हें अपने दिमाग और बढ़ती लोकप्रियता को संभालना सीखना होगा. उन्होंने टीम मैनेजमेंट और वैभव के आसपास रहने वाले लोगों से भी अपील की कि उन पर जरूरत से ज्यादा दबाव न बनाया जाए और उन्हें अपनी उम्र के हिसाब से जिंदगी जीने का मौका मिले.
वैभव के खिलाफ गेंदबाजी करते तो क्या करते ब्रेट ली?
जब ब्रेट ली से पूछा गया कि अगर वह अपने क्रिकेट करियर के दौरान वैभव के खिलाफ गेंदबाजी करते तो क्या रणनीति अपनाते, तो उन्होंने कहा कि वह पहले उनकी बल्लेबाजी को ध्यान से समझते. इसके बाद वह वैभव के शरीर को निशाना बनाकर बाउंसर डालते. अगर वैभव उस गेंद पर छक्का भी लगा देते, तो वह पीछे नहीं हटते और अगली गेंद पर फिर उनकी परीक्षा लेते. आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव को भारतीय टी20 टीम में भी मौका मिला. इंग्लैंड के खिलाफ उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली, लेकिन जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने शानदार वापसी करते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीता.
ALSO READ: JPSC-JSSC परीक्षाओं में धांधली का आरोप: उग्र हुआ छात्रों का आंदोलन, विधानसभा की ओर बढ़े छात्र
