पलामू: पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां रंगेया जंगल में महुआ चुनने गई एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला प्रतिदिन की तरह सुबह जंगल में महुआ इकट्ठा करने गई थी, लेकिन जब दोपहर तक घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई. खोजबीन के दौरान उसका शव जंगल के भीतर सुनसान इलाके में पाया गया.
पुलिस को किया गया सूचित
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचित किया गया. मनातू थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) भेज जा रहा हैं. मृतका के शरीर पर चोट के निशान या मौत के स्पष्ट कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, जिसे लेकर पुलिस और परिजन दोनों ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं.
पुलिस इस मामले में हत्या और दुर्घटना दोनों पहलुओं से जांच कर रही है. साथ ही, आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि घटना के वक्त जंगल में कोई और भी मौजूद था या नहीं. इस घटना के बाद से गांव में मातम और सुरक्षा को लेकर डर का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस वायरलेस ऑफिसर्स एसोसिएशन चुनाव: शशिशेखर पाठक की जीत, रजनीश कुमार की अध्यक्षता में मिली सफलता
