रांची: भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस पूरे झारखंड में विजय संकल्प और भारी उत्साह के साथ मनाया गया. राजधानी रांची स्थित प्रदेश कार्यालय से लेकर राज्य के सुदूर गांवों में कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराकर संगठन के प्रति अपनी अटूट निष्ठा दोहराई. इस अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में दिग्गजों ने पार्टी की विकास यात्रा और भविष्य के लक्ष्यों पर प्रकाश डाला. पार्टी द्वारा 5 से 12 अप्रैल तक विशेष सेवा सप्ताह और विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है, जिसके तहत मंडल, पंचायत और प्रखंड स्तर पर कार्यकर्ताओं द्वारा जनसंपर्क और सामाजिक कार्य किए जाएंगे.

कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है आज का मुकामः आदित्य

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि 1984 में जब हमारी 2 सीटें आईं थीं, तब कांग्रेस हंसती थी. लेकिन आज कांग्रेस की दुर्गति पर पूरी दुनिया हंस रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा अंत्योदय के मंत्र के साथ आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ रही है.
संकल्पों की सिद्धि का कालः बाबूलाल

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा को प्रेरणादायक बताया. उन्होंने कहा कि परमाणु परीक्षण से लेकर अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण तक, पार्टी ने हमेशा देशहित को सर्वोपरि रखा है.
विचारधारा को समर्पित मां भारती के सपूतः कर्मवीर
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए कहा कि एक व्यक्ति अगर ठान ले, तो वह शिखर तक पहुंच सकता है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से विश्वगुरु भारत के लक्ष्य में जुटने का आह्वान किया.
झारखंड के दिग्गजों ने घरों पर फहराया ध्वज
- आदित्य साहू: कुच्चू स्थित आवास
- बाबूलाल मरांडी: रांची स्थित आवास
- रघुवर दास: जमशेदपुर
- अर्जुन मुंडा: घोड़ाबांधा, जमशेदपुर
- मधु कोड़ा: चाईबासा
