Chatra: जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 1 अप्रैल से चल रही होमगार्ड बहाली प्रक्रिया का मंगलवार को उपायुक्त कीर्तिश्री जी और पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने संयुक्त निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने बहाली के पंजीकरण, शारीरिक दक्षता परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन समेत हर चरण का बारीकी से जायजा लिया.
अभ्यर्थियों से संवाद, व्यवस्थाओं पर संतोष
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सीधे अभ्यर्थियों से संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अनुभव जाने. अधिकांश अभ्यर्थियों ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया, जिस पर उपायुक्त ने संतोष जताया, लेकिन साथ ही स्पष्ट कर दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सुविधाओं और पारदर्शिता पर विशेष जोर
उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पूरी बहाली प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाए. अभ्यर्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पेयजल, छाया, चिकित्सा, शौचालय और विश्राम स्थल की समुचित व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा. उपायुक्त ने कहा कि यह बहाली प्रक्रिया जिले के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है. इसमें पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोपरि है. किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी. सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाएं.
Also Read: जामताड़ा डीसी के नाम पर डिजिटल डाका, ठगों ने बनाया उपायुक्त का फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल
सुरक्षा और अनुशासन पर पुलिस का फोकस
वहीं पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने सुरक्षा और अनुशासन को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया. एसपी ने कहा कि बहाली स्थल पर विधि-व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है. किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अभ्यर्थियों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए.
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी, लगातार निगरानी
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी मन्नू कुमार सहित कई दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे. प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि पूरी प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इसे निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना ही सर्वोच्च लक्ष्य है.


