– जांचकर्ता दो डीएसपी ने लेखापाल से निकासी के बारे पूछा, पहले लेखापाल प्रकट की अनभिज्ञता, जांच के बाद माना

– असंतोष जवाब मिलने पर जांचकर्ता ने ई-कुबेर डीडीओ लेबल बील मैनेजमेंट सिस्टम गर्वमेंट ऑफ झारखंड पोर्टल जांचा
– फर्जी व गलत तरीके से निकासी की गयी रकम को पत्नी के खाता 42945898462 में डाला
Bokaro: बोकारो ट्रेजरी से 20 महीने में एक दारोगा के वेतन मद में सवा तीन करोड की निकासी हुई. इसे लेकर मुख्यालय डीएसपी अनिमेष कुमार गुप्ता व सिटी डीएसपी आलोक रंजन को जांच का जिम्मा दिया गया था. दोनों पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को एसपी कार्यालय के लेखा शाखा के लेखापाल कौशल कुमार पांडेय से वेतन मद में सवा तीन करोड़ निकासी के संदर्भ में पूछताछ की. इस पर कौशल ने अनभिज्ञता प्रकट की. उसने बताया कि इस प्रकार को कोई विपत्र हस्ताक्षर कराकर ट्रेजरी नहीं भेजा गया है. बताया कि लेखापाल द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ई-कुबेर डीडीओ लेबल बील मैनेजमेंट सिस्टम गर्वमेंट ऑफ झारखंड पोर्टल पर जांच की गयी. एसडब्लूएन/पीओएल/291 को वित्तीय वर्ष 2023-24, वित्तीय वर्ष 2024-25 व वित्तीय वर्ष 2025-26 का सर्च किया गया, तो पता चला कि विगत तीन वित्तीय वर्षों में हवलदार उपेंद्र सिंह के नाम से वेतन मद में 25 माह (नवंबर 2023 से मार्च 2026 तक) में 63 बार में कुल चार करोड 29 लाख 71 हजार सात रूपये की फर्जी तरीके से खाता संख्या 42945898462 में निकासी की गयी है. यह जानकारी एसपी कार्यालय में मंगलवार को एसपी हरविंदर सिंह ने पत्रकारों को दी. मौके पर सिटी डीएसपी आलोक रंजन मौजूद थे.
ये भी पढ़ें : असम के चुनावी रण से लौटे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
लेखापाल कौशल ने स्वीकार की संलिप्तता
एसपी श्री सिंह ने बताया कि निकासी किये गये राशि के संबंध में साक्ष्य प्राप्त होने पर पुनः इस संबंध में जब लेखापाल कौशल से पूछताछ की गयी. अपनी गलती स्वीकार करते हुए कौशल ने बताया कि हवलदार उपेंद्र सिंह (जो माह जुलाई 2016 में सेवानिवृत) के नाम से संचालित पोर्टल में उनके जन्म तिथि व खाता संख्या में छेडछाड कर उनके नाम से विगत तीन वित्तीय वर्षों में डीडीओ को अंधकार में रखकर 63 बार में कुल चार करोड 29 लाख, 71 हजार सात रूपये की गलत व फर्जी तरीके से खाता संख्या 42945898462 में निकासी की गयी. यह खाता संख्या लेखापाल की पत्नी अनु पांडेय का है.
ये भी पढ़ें : फैक्ट्री हादसे पर सरकार सख्त, मंत्री ने मृतकों के परिजनों को सौंपा 21-21 लाख मुआवजा, कहा- जांच के बाद होगी बड़ी कार्रवाई
लेखापाल कौशल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया
जिला कोषागार पदाधिकारी बोकारो गुलाबचंद उरांव के आवेदन के आधार पर बीएस सिटी थाना में कांड संख्या 62/26 (सात अप्रैल 26) में धारा 316(2)/316(5)/318(2)/61(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया. इसमें लेखापाल कौशल कुमार पांडेय व अन्य को आरोपी बनाया गया है. सात अप्रैल (मंगलवार) को लेखापाल कौशल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. कौशल मूल रूप से बिहार के पटना जिला के दानापुर थाना स्थित गोला रोड टी प्वाइंट के रहनेवाले हैं. फिलहाल सेक्टर 12 थाना क्षेत्र के पुलिस केंद्र कैंपस में रहते थे. उनके पास से पुलिस ने दो मोबाइल जब्त किया है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.
