Seraikela: जिला उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल द्वारा खरसावाँ एवं कुचाई प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत संचालित विभिन्न उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया गया.
उर्वरकों की उपलब्धता और रिकॉर्ड की जांच
निरीक्षण के दौरान उर्वरकों की उपलब्धता, स्टॉक पंजी, विक्रय अभिलेख, PoS मशीन के माध्यम से की जा रही ऑनलाइन प्रविष्टि, मूल्य सूची के प्रदर्शन तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई. निरीक्षण के क्रम में कुचाई प्रखंड क्षेत्र की कुछ उर्वरक दुकानें बंद पाई गईं, जिस पर संबंधित दुकानदारों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा गया कि बिना उचित कारण दुकान बंद न रखें तथा किसानों की आवश्यकता को देखते हुए नियमित रूप से दुकान का संचालन सुनिश्चित करें.
निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश
जिला कृषि पदाधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित सब्सिडी दर पर उर्वरक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, प्रत्येक बिक्री की ऑनलाइन प्रविष्टि PoS मशीन के माध्यम से अनिवार्य रूप से करें, निर्धारित दर से अधिक मूल्य की वसूली नहीं करें, स्टॉक एवं विक्रय अभिलेख अद्यतन रखें तथा दुकान में स्टॉक एवं मूल्य सूची का स्पष्ट प्रदर्शन करें. साथ ही किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा किसी भी प्रकार की कृत्रिम कमी अथवा अनियमितता उत्पन्न नहीं होने देने के निर्देश दिए गए.

उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरक वितरण से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन, अनावश्यक रूप से दुकान बंद रखना अथवा किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित उर्वरक विक्रेता के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं प्रचलित नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. इस क्रम में कृषि निरीक्षक मधुसुधन कुमार सिन्हा उपस्थित रहे.
ALSO READ: चाईबासा में टाटा बाईपास चौक का बदला नाम, अब कहलाएगा ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक’
