Ranchi: रांची के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने राजस्व मामलों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने साफ कहा कि जमीन से जुड़े मामलों को बिना वजह लंबित रखने या काम में देरी करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा.
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश
समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने कहा कि आम लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए. राजस्व मामलों में अनावश्यक देरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बैठक में सभी अंचलों के लंबित म्यूटेशन मामलों की समीक्षा की गई. जिन अंचलों में ज्यादा मामले लंबित मिले, वहां के अंचल अधिकारियों को जल्द से जल्द उनका निपटारा करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि हर लंबित मामले की निगरानी की जाएगी और शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय होगी.
पारदर्शिता और जवाबदेही पर दिया जोर
उन्होंने भूमि मापी के काम में तेजी लाने के लिए प्रशिक्षित अमीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया, ताकि जमीन से जुड़े मामलों का समय पर निपटारा हो सके.

बैठक में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ काम करने को कहा. उन्होंने दोहराया कि जनहित सबसे ऊपर है और लापरवाही करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा.
ALSO READ: बोकारो: फिजियोथेरेपिस्ट बीरेन्द्र महतो की मौत पर पूर्व विधायक ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
