धनबाद: धनबाद समेत आसपास के जिलों में इन दिनों बच्चा चोरी की अफवाह ने गंभीर रूप ले लिया है. कई स्थानों पर केवल संदेह या सोशल मीडिया पर वायरल संदेशों के आधार पर लोगों को बच्चा चोर बताकर भीड़ द्वारा पिटाई किए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं. दुखद पहलू यह है कि इन घटनाओं में ज्यादातर निर्दोष राहगीर, मजदूर, भिक्षुक या मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति हिंसा के शिकार हो रहे हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए धनबाद पुलिस लगातार सक्रिय है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक कदम उठा रही है.

एसएसपी प्रभात कुमार की दो टूक: कानून हाथ में लिया तो बख्शे नहीं जाएंगे
एसएसपी प्रभात कुमार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि बच्चा चोरी की अफवाहों से सावधान रहें और केवल शक के आधार पर किसी अजनबी व्यक्ति को अपराधी न मानें. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है, तो तत्काल स्थानीय थाना या डायल 112 पर सूचना दें.
किसी को पकड़कर उसके साथ हिंसक व्यवहार करना स्वयं एक गंभीर दंडनीय अपराध है. एसएसपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि बच्चा चोरी के नाम पर भीड़ इकट्ठा कर हिंसा करने वालों के विरुद्ध सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी. कानून को अपने हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी.
यह भी पढ़ें: झारखंड में जनता बेहाल और विकास कार्य पड़ा है ठप: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता

