Saraikela: जिले एवं झारखंड प्रदेश में सरकार द्वारा चलाई जा रही हर घर जल योजना के तहत कई पंचायत वार्डों के घरों में अब तक जल नल योजना की पाइपलाइन नहीं पहुंच पाई है. इससे गर्मी की पहली दस्तक के साथ ही लोग गंभीर पेयजल समस्याओं से जूझ रहे हैं.
इन पंचायतों में गहराया पेयजल संकट
कमलपुर पंचायत, मोहितपुर पंचायत, सीनी पंचायत, मुड़ाटांड पंचायत, दुगनी पंचायत, हुदु पंचायत सहित कई क्षेत्रों के घरों में हर घर जल योजना के तहत नल पाइपलाइन नहीं लगी है. इसके कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
मानवाधिकार सहायता संघ ने उठाया मुद्दा
इस गंभीर समस्या को लेकर मानवाधिकार सहायता संघ अंतरराष्ट्रीय के सरायकेला-खरसावां जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती सुमन कारूवा ने पेयजल संसाधन पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की है.
वंचित घरों तक जल्द पहुंचे पानी: मांग
उन्होंने आग्रह किया है कि मामले को संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए और हर घर जल योजना से वंचित घरों में पाइपलाइन के माध्यम से नल लगाए जाएं. ताकि सभी घरों तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके और लोगों को राहत मिल सके.
