हजारीबाग: हजारीबाग बरही थाना क्षेत्र के करसो स्थित होटल हर्षित राज में एक कंपनी की पार्टी के दौरान एक सेल्समैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद जहां जश्न का माहौल था, वहीं अचानक मातम छा गया. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है, जबकि मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. मृतक की पहचान बिहार के गया जिला अंतर्गत बुढ़ी गांव निवासी कपिलदेव सिंह के 35 वर्षीय पुत्र मणिकांत सोलंकी उर्फ मंजस कुमार के रूप में हुई है. वह टाटा मोटर्स के अधीन मगध मोटर, गया में कार्यरत था.
शनिवार को कंपनी के करीब 40 कर्मचारी होटल में आयोजित पार्टी में शामिल हुए थे. देर रात तक डांस, म्यूजिक और जश्न चलता रहा, जिसमें कई लोगों द्वारा शराब सेवन की भी बात सामने आई है.रात करीब 12 बजे पार्टी खत्म होने के बाद कुछ लोग कमरों में चले गए, जबकि कुछ लोग हॉल में ही सो गए. मणिकांत भी हॉल के सोफे पर सो गया था. रविवार सुबह करीब 10 बजे सहकर्मी जब उसे जगाने पहुंचे तो वह नहीं उठा. काफी प्रयास के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसे मृत पाया गया.
मौके पर पहुंची पुलिस, फोरेंसिक जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिनोद कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. एसडीपीओ प्रशांत कुमार और हजारीबाग की फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के पिता कपिलदेव सिंह ने गया निवासी एक सहकर्मी रवि कुमार उर्फ रविन्द्र कुमार पर हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि जब वे होटल पहुंचे तो उनके बेटे के मुंह और नाक से खून निकल रहा था तथा शरीर काला पड़ा हुआ था. उनका आरोप है कि घटना के बाद आरोपी सहकर्मी और उसका चालक मौके से फरार थे.
सीसी टीवी बंद, जांच पर सवाल
मामले में एक अहम तथ्य यह भी सामने आया है, कि होटल का सीसीटीवी कैमरा पिछले कुछ दिनों से खराब बताया जा रहा है. इससे जांच पर सवाल खड़े हो रहे हैं. पुलिस अब अन्य स्रोतों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है.
घटना के बाद मच हड़कंप
घटना की खबर मिलते ही होटल के बाहर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस को स्थिति संभालने में मशक्कत करनी पड़ी. एहतियात के तौर पर होटल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
तकनीकी जांच में जुटी पुलिस
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किए हैं. पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल्स, लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. होटल स्टाफ और पार्टी में शामिल कर्मचारियों से पूछताछ जारी है. थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है.
आवेदन में क्या कहा गया
मृतक के पिता ने अपने आवेदन में बताया कि उनका पुत्र 11 अप्रैल को कंपनी के कार्यक्रम में शामिल होने होटल आया था. 12 अप्रैल की सुबह टीम लीडर वैष्णव कुमार ने उन्हें मौत की सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर उन्होंने बेटे के शरीर पर गंभीर लक्षण देखे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि होटल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज नहीं दिखाया.
इसके अलावा, पिता ने बताया कि करीब 15 दिन पहले मणिकांत घर आया था, तब उसका चेहरा सूजा हुआ था और उसने एक सहकर्मी द्वारा मारपीट की बात कही थी. इन तथ्यों के आधार पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल यह मामला रहस्य बना हुआ है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी.
यह भी पढ़ें: ट्रेजरी घोटाले पर सियासत तेज: AJSU का हमला, कहा- बड़ी मछलियों को बचाने की साजिश
