Ranchi : झारखंड में 4 अगस्त से श्रद्धांजलि और सांस्कृतिक आयोजनों का सिलसिला शुरू होने जा रहा है. दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर पूरे राज्य में श्रद्धांजलि सभाएं होंगी. जबकि इसके बाद विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर दो दिवसीय भव्य आदिवासी महोत्सव आयोजित किया जाएगा. सरकार और झारखंड मुक्ति मोर्चा दोनों स्तर पर इसकी तैयारियां अंतिम चरण में है. 4 अगस्त को झामुमो की ओर से राज्य के सभी 24 जिलों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. मुख्य आयोजन रामगढ़ के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में होगा. जहां हजारों लोगों के जुटने की संभावना है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसी दिन सोना-सोबरन प्लस टू विद्यालय परिसर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा. वहीं, उनके पैतृक गांव नेमरा में अलग से श्रद्धांजलि सभा होगी.
आदिवासी जतरा निकाली जायेगी
इसके बाद 9 और 10 अगस्त को रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड आदिवासी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. इस बार यह महोत्सव दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति को समर्पित रहेगा. महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र पारंपरिक आदिवासी जतरा होगा. जो मोरहाबादी मैदान से बिरसा चौक तक निकाली जाएगी.

दिल्ली में भी आयोजित होगा कार्यक्रम
रांची के अलावा राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक नृत्य, श्रद्धांजलि सभाएं और अन्य आयोजन होंगे. वहीं, राजधानी दिल्ली में भी गुरुजी की स्मृति में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है. आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली है.
ALSO READ : Newswave Special: JPSC का बजट 55 करोड़, खर्च कर दिए पौने दस करोड़ और परिणाम सिर्फ विवाद
