नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर लोहरदगा में भाजपा महिला मोर्चा का संवाद, बताया ऐतिहासिक कदम

LOHARDAGA: भारतीय जनता पार्टी लोहरदगा जिला महिला मोर्चा के तत्वावधान में सोमवार को पावरगंज स्थित नोवेल्टी होटल में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम,...

LOHARDAGA: भारतीय जनता पार्टी लोहरदगा जिला महिला मोर्चा के तत्वावधान में सोमवार को पावरगंज स्थित नोवेल्टी होटल में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023” को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सामेला भगत ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में गुमला जिला परिषद अध्यक्ष सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष किरणमाला बाड़ा उपस्थित रहीं.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में लोहरदगा जिला उपाध्यक्ष सरिता देवी, जिला मंत्री मीना बाखला, नगर अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद संगीता कुमारी तथा भारती सिन्हा सहित अन्य महिला पदाधिकारी भी मौजूद थीं. इस दौरान महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.

महिला सशक्तिकरण को बताया ऐतिहासिक कदम

मुख्य अतिथि किरणमाला बाड़ा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में एक युगांतरकारी पहल है.” उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान केवल उनकी संख्या बढ़ाने का प्रयास नहीं, बल्कि नीति निर्माण को अधिक समावेशी, संवेदनशील और प्रभावी बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है.

उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के लागू होने से महिलाएं अब केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं रहेंगी, बल्कि नीति निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएंगी.

सरकारी योजनाओं का भी किया जिक्र, महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर जोर

किरणमाला बाड़ा ने कहा कि जब शासन-प्रशासन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ती है, तो शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, जल और स्वच्छता जैसे मुद्दे प्राथमिकता में आते हैं. उन्होंने बताया कि स्थानीय निकायों में महिलाओं के आरक्षण के सकारात्मक परिणाम पहले ही सामने आ चुके हैं और अब इसका असर संसद और विधानसभाओं में भी देखने को मिलेगा.

उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पिछले एक दशक में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चलाई गई हैं. “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान से समाज में सकारात्मक सोच विकसित हुई है, जबकि “सुकन्या समृद्धि योजना” और “प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना” जैसी पहलें महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर रही हैं.

कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सामेला भगत ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है और इससे समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अधिनियम की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें.

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगा और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से भारत और अधिक सशक्त एवं विकसित राष्ट्र बनेगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *