Pakur: पाकुड़ जिले के गोकुलपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के कक्षा 9 के छात्र गणेश कुमार का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रतिष्ठित ‘युविका 2026’ कार्यक्रम के लिए हुआ है. देशभर से हजारों छात्रों के बीच चयनित होकर गणेश ने न केवल अपने स्कूल, बल्कि पूरे पाकुड़ जिले को गौरवान्वित किया है. ‘युविका’ (युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम) ISRO की ‘कैच देम यंग’ पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य स्कूली छात्रों में अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक के प्रति रुचि विकसित करना है. यह दो सप्ताह का पूर्णतः वित्तपोषित आवासीय कार्यक्रम होता है, जिसमें चयनित छात्रों को मॉडल रॉकेटरी, आकाश अवलोकन, रोबोटिक्स प्रयोग और ISRO वैज्ञानिकों से सीधे संवाद का अवसर मिलता है.
यह भी पढ़ें : ED VS पुलिस–CBI जांच के आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई
आवेदन प्रक्रिया 27 फरवरी से 31 मार्च तक चली
युविका 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 27 फरवरी से 31 मार्च तक चली थी, जबकि पहली चयन की सूची 13 अप्रैल को जारी की गई. चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ क्विज, ओलंपियाड, खेल और अन्य गतिविधियों को भी आधार बनाया गया. ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों को विशेष वेटेज दिया गया, जिसका लाभ गणेश को मिला.
यह भी पढ़ें : शराब घोटाला: नवीन केडिया की जमानत याचिका पर HC सख्त, केस डायरी तलब
गणेश का चयन अन्य छात्रों के लिए बनेगा प्रेरणा
डीएवी पब्लिक स्कूल, गोकुलपुर (स्थापना 1998) में 1500 से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं. स्कूल प्रबंधन ने गणेश की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता का परिणाम बताया. प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती और शिक्षकों ने कहा कि गणेश का चयन अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगा. गणेश की इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं में विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई ऊर्जा जगी है. यह उपलब्धि बताती है कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी सही मार्गदर्शन और मेहनत से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं.
