Ranchi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नारी शक्ति वंदन’ सम्मेलन में दिए गए संबोधन का प्रभाव झारखंड की महिलाओं में साफ तौर पर देखने को मिला. भाजपा प्रदेश कार्यालय में लाइव प्रसारण के दौरान मौजूद महिलाओं में उत्साह, आत्मविश्वास और संकल्प की भावना स्पष्ट नजर आई.
महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इससे देश की राजनीति और नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी और मजबूत होगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महिला शक्ति की भूमिका निर्णायक रहने वाली है.

महिलाओं में दिखा आत्मनिर्भर भारत का संकल्प
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने पीएम के संबोधन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें नई ऊर्जा मिली है. पूरे माहौल में आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का उत्साह दिखाई दिया.
भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर ने कहा कि 16 से 18 अप्रैल तक होने वाला संसद का विशेष सत्र इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा. उन्होंने कहा कि देश के विकास की हर कहानी में महिलाओं का योगदान अहम रहा है और अब प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उन्हें और बड़ी जिम्मेदारी मिलने जा रही है.
उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड की महिलाएं अब पीछे रहने वाली नहीं हैं, बल्कि विकसित भारत के सपने को साकार करने में बढ़-चढ़कर योगदान देंगी.
